मनमोहन सिंह को PM क्यों चुना था? सोनिया गांधी ने किताब में बताई वजह, प्रणब मुखर्जी की महत्वाकांक्षा का भी जिक्र

2004 में सोनिया गांधी ने खुद प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने के बाद मनमोहन सिंह को ही यह जिम्मेदारी क्यों सौंपी? उनकी नई किताब में इसका जवाब दिया गया है। साथ ही प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा से जुड़ी एक बातचीत का भी जिक्र है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 10 November 2026, 5:17 PM IST
google-preferred

New Delhi: सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में 2004 में मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के फैसले पर विस्तार से लिखा है। किताब में उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान अपनी भूमिका, मनमोहन सिंह के साथ तालमेल और प्रणब मुखर्जी के साथ हुई एक बातचीत का भी जिक्र किया है।

मनमोहन सिंह की ईमानदारी और अनुभव पर था भरोसा

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि 2004 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद उनके सामने यह सवाल था कि प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाए। उन्होंने खुद प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पार्टी के कई वरिष्ठ और अनुभवी नेता इस पद के योग्य थे, लेकिन मनमोहन सिंह का नाम उनके मन में पहले से था। सोनिया गांधी के मुताबिक, मनमोहन सिंह की छवि बेदाग थी और उन्हें शासन व्यवस्था की गहरी समझ थी। वह एक अनुभवी अर्थशास्त्री भी थे। 1990 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने देश में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी। सोनिया ने लिखा कि उन्हें भरोसा था कि देश मनमोहन सिंह के हाथों में सुरक्षित रहेगा।

कांग्रेस के किसी गुट से नहीं जुड़े थे मनमोहन सिंह

सोनिया गांधी ने किताब में मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री चुनने के पीछे एक और वजह बताई है। उनके मुताबिक, मनमोहन सिंह कांग्रेस के किसी खास गुट से जुड़े हुए नहीं थे। उस समय कांग्रेस की छवि वामपंथ की ओर झुकाव रखने वाली पार्टी के रूप में बन रही थी। वहीं, प्रस्तावित यूपीए सरकार को वामपंथी दलों का समर्थन भी मिलने वाला था। सोनिया गांधी का मानना था कि मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री बनने से सरकार की आर्थिक नीतियों और शासन चलाने की क्षमता को लेकर उठ रही आशंकाएं दूर हो सकती थीं। उन्हें लगता था कि मनमोहन सिंह के अनुभव और आर्थिक सुधारों से जुड़े उनके काम से लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

ये भी पढ़े: इमरजेंसी लगाना बड़ी भूल थी, इंदिरा गांधी को भी था अहसास; किताब लॉन्च से पहले सोनिया गांधी का बड़ा बयान

प्रणब मुखर्जी ने 2010 में दिया था प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का संकेत

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि 2010 में प्रणब मुखर्जी और उनके बीच हुई बातचीत के दौरान उन्होंने शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की जरूरत की बात कही थी।

सोनिया के मुताबिक, उस समय प्रणब मुखर्जी के तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ गंभीर मतभेद चल रहे थे। एक बार अपनी नाराजगी जाहिर करने के बाद प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा कि शायद अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है। सोनिया गांधी ने लिखा कि प्रणब मुखर्जी की इस बात से वह हैरान रह गई थीं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के रूप में समझा। हालांकि, सोनिया के मुताबिक, उन्होंने उस समय बातचीत का रुख बदल दिया था।

यूपीए सरकार में मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी की अलग-अलग जिम्मेदारियां

सोनिया गांधी ने यूपीए सरकार के दौरान पर्दे के पीछे से सत्ता चलाने के आरोपों को भी अपनी किताब में खारिज किया है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे और पार्टी अध्यक्ष के तौर पर उनकी अपनी अलग जिम्मेदारी थी। वह प्रधानमंत्री को अपनी राय और सुझाव दे सकती थीं। जरूरत पड़ने पर उनसे असहमति भी जता सकती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री के पद और उनके फैसलों का सम्मान करना उनकी जिम्मेदारी थी। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच जिम्मेदारियों का एक अनकहा बंटवारा था। सरकार का कामकाज मनमोहन सिंह देखते थे, जबकि पार्टी की जिम्मेदारी सोनिया गांधी के पास थी। उनके मुताबिक, इस व्यवस्था से सरकार और संगठन के बीच तालमेल बना रहता था।

ये भी पढ़े: सोनिया गांधी की किताब से मचेगा सियासी तूफान? बोलीं- अब तक दूसरों ने सुनाई मेरी कहानी, अब मेरी बारी

हर सप्ताह होती थी समन्वय बैठक

सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हर सप्ताह एक प्रमुख समूह की बैठक होती थी। इसका उद्देश्य सरकार और पार्टी के बीच समन्वय बनाए रखना था। इस समूह में प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, ए.के. एंटनी और अहमद पटेल शामिल थे। इसके अलावा संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा के लिए रणनीति समूह की बैठकें भी होती थीं। सोनिया गांधी ने लिखा कि इन बैठकों के बाद कई बार प्रणब मुखर्जी उनके साथ बातचीत के लिए रुक जाते थे। इसी दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत में प्रणब मुखर्जी ने शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की बात कही थी।

आज बाजार में आई सोनिया गांधी की किताब

सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित हुई है। हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, परिवार, राजनीति में प्रवेश और कांग्रेस के नेतृत्व से जुड़े अनुभव साझा किए हैं। 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने और मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला भी किताब के अहम प्रसंगों में शामिल है।

Location :  New Delhi

Published :  10 November 2026, 5:17 PM IST

Related News

Advertisement