हिंदी
अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले चला बड़ा दांव (Img- Dynamite News)
New Delhi: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत देश के 5 राज्यों में अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही है। चुनावी सरगर्मियों के साथ ही राजनीतिक दलों और नेताओं में आरोप-प्रत्यारोपों को दौर भी शुरू हो चुका है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी पर एक बार निशाना साधा और चुनाव में नकली वोटिंग रोकने के उपाय सुझाए।
अखिलेश यादव लंबे समय से वोटिंग सिस्टम को आधार कार्ड समेत बायोमेट्रिक्स से जोड़ने की बात करते रहे हैं। सोमवार को अखिलेश यादव ने एक बार फिर फर्जी वोटिंग रोकने के उपाय सुझाते हुए मतदान प्रणाली में आधार के उपयोग की वकालात की।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सीएम योगी एक मीडिया को दिये इंटरव्यू का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग है। उन्होंने लिखा कि ‘आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। - काग़ज़ या प्लास्टिक की जगह ‘मेटल कार्ड’ बनाए जाएं जिससे नक़ली न बन सकें’।
यूपी चुनाव से पहले मायावती ने चली कौन सी नई चाल? 550 नेताओं के साथ की बड़ी बैठक!
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि वोटिंग में उँगलियों के निशान या आँख से होनेवाली बायोमेट्रिक्स पहचान को अपनाया जाए, क्योंकि ये किसी दो व्यक्ति के समान नहीं होते हैं’।
सपा प्रमुख ने अंत में भाजपा पर हमला बोलते हुए लिखा कि इन उपायों से भाजपा नक़ली वोटिंग नहीं करा पायेगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Img- X)
एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी विरोधी है। एक लंबी पोस्ट में उन्होंने लिखा- भाजपा शिक्षार्थियों व शिक्षकों को विरोध का एक ऐसा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य न करे, जिससे हर क्षेत्र में ठहराव आ जाए। भाजपा शिक्षार्थियों व शिक्षकों की समस्याओं के प्रति हमेशा बेरुख़ी का नज़रिया अपनाती है। भाजपा की सरकार एक हृदयहीन सरकार है। जिसमें संवेदना न हो वो सरकार नहीं चाहिए”।
सपा प्रमुख ने आगे लिखा- “सबको याद है कि हमने ‘ऑनलाइन हाज़िरी’ के आंदोलन के समय कहा था कि शिक्षकों का सम्मान और उन पर विश्वास करने से ही अच्छी पीढ़ी जन्म लेती है। गुरुओं के साथ जो अभद्र भाषा बोलते हैं, उनका अपमान करते हैं वो अशिक्षित के समान ही हैं। 'अहंकार’ लोगों को अनपढ़ बना देता है क्योंकि अहंकारी न तो किसी की तकलीफ़ दुख को पढ़ता है, न सुनता है। शिक्षकों पर अविश्वास जताकर और उनका तिरस्कार करके भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि वो न तो शिक्षा का सम्मान करती है, न शिक्षकों का, न शिक्षार्थियों का। भाजपा ने छात्रों और अध्यापकों का भरोसा खो दिया है”।
Location : New Delhi
Published : 9 November 2026, 4:10 PM IST