Kasganj Diwali Firecracker Blast: दीपावली पर पटाखे का धमाका बना काल, युवक के पेट में घुसा स्टील का गिलास, दर्दनाक मौत

कासगंज में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पटाखे के ऊपर स्टील का गिलास रखकर आग लगाने वाले 22 वर्षीय प्रवेश के पेट में धमाके से गिलास जा घुसा। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

Updated : 9 November 2026, 3:19 PM IST
google-preferred

Kasganj: दीपावली की खुशियां मनाने के दौरान पटाखे के साथ की गई एक छोटी सी लापरवाही 22 वर्षीय युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। सोरों कोतवाली क्षेत्र के सिरावली गांव में पटाखा जलाते समय हुए जोरदार धमाके से स्टील का गिलास उछलकर युवक के पेट में जा घुसा। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के मुताबिक, सिरावली गांव निवासी प्रवेश कुमार (22) पुत्र रामवीर सिंह माथुर सोमवार सुबह गांव में पटाखा जला रहा था। बताया गया कि इसी दौरान उसने पटाखे के ऊपर स्टील का गिलास रख दिया और उसमें आग लगा दी। पटाखे में विस्फोट होते ही गिलास तेज धमाके के साथ उछला और सीधे प्रवेश के पेट में जा लगा। गिलास का नुकीला हिस्सा पेट में घुसने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

ट्रेन पकड़ने पहुंचे तो उड़ गए होश! टिकट के समय से 2 घंटे पहले रवाना हो चुकी थी गाड़ी; देना पड़ा भारी मुआवजा

अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में लहूलुहान प्रवेश को उपचार के लिए कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Kasganj News

मृतक की फाइल फोटो (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

युवा बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई। जिस दीपावली पर परिवार खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा था, उसी त्योहार ने घर का चिराग छीन लिया। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल छा गया।

अयोध्या में दिखी रामकथा की वैश्विक झलक, श्रीलंका से दक्षिण अफ्रीका तक के कलाकारों ने बांधा समां

बताया गया कि युवक की मौत के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ घर ले गए।

Location :  Kasganj

Published :  9 November 2026, 3:19 PM IST

Advertisement