हिंदी
घटनास्थल (Img : Dynamite News)
Kanpur Nagar: दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी से नहा रहा था, तब एक कलयुगी भाई हमेशा के लिए अपने ही सगे भाई के जीवन की चिराग बुझाने की साजिश रच रहा था। जमीन के विवाद को लेकर यहां एक 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही भाई पर लगा है। वारदात की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या की इस वारदात को सुलझाने में जुटी हुई है और आरोपी समेत मृतक के करीबियों से पूछताछ कर रही है।
यह घटना हनुमंत विहार क्षेत्र के संजय गांधी नगर की है। यहां 45 वर्षीय व्यक्ति का शव सोमवार की सुबह मोहल्ले के एक खाली प्लॉट में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि ईंट या किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई। वारदात में मृतक के छोटे भाई पर हत्या का आरोप लगा है।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक, हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर निवासी आनंद सिंह उर्फ रगड़ू (45) का दीपावली की रात अपने छोटे भाई प्रियांशु सिंह से किसी बात को लेकर कथित तौर पर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों भाई नशे में थे। पड़ोसियों के मुताबिक, रात में घर से बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थीं। आरोप है कि आनंद को घसीटकर ले जाया जा रहा था।
कानपुर में कहासुनी के बाद सड़क पर चले लात-घूंसे; मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
पड़ोसियों ने बताया कि आधी रात को घर का दरवाजा खटखटाकर अंदर से आ रही चीख-पुकार के बारे में पूछा गया था। आरोप है कि इस दौरान प्रियांशु के परिजनों ने उन्हें वहां से जाने की धमकी दी और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया।
मौके पर जांच में जुटी पुलिस (Img: Dynamite News)
सुबह मोहल्ले के लोगों ने खाली प्लॉट में आनंद का शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती आशंका है कि मकान को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या करने के बाद शव को प्लॉट में फेंक दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी के परिजनों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर में खाली प्लॉट पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की पहचान आनंद सिंह उर्फ रगड़ू सिंह (45) के रूप में हुई है। उनके शरीर पर किसी कठोर और भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका है। सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं।
Location : Kanpur Nagar
Published : 9 November 2026, 2:38 PM IST
Topics : crime news Kanpur News UP Police