हिंदी
पुलिस मामले की जांच कर रही है(img: Dynamite news)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें पुलिस चौकी के सामने भी वारदात करने से डर नहीं लग रहा है। शनिवार रात लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने तीन बदमाशों ने एक युवक को घेरकर पिस्टल के बल पर लूट लिया। बदमाश युवक से 18 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद पीड़ित शिकायत दर्ज कराने के लिए दो थानों के बीच चक्कर लगाता रहा। आखिरकार उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
प्रयागराज के करेली क्षेत्र अंतर्गत निहालपुर निवासी मो. महताब उर्फ मोनू (25) बावर्ची का काम करता है। उसके मुताबिक, एक दिन पहले ही उसने मुंडेरा मे खाना बनाने का काम किया था, जिसके एवज में शनिवार को उसे 18 हजार रुपये मिले थे। वह ऑटो से प्रयागराज जंक्शन के पास उतरा और पैदल अपने घर की ओर जाने लगा। इसी दौरान लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया।
जिस घर में जलने थे दीप, वहां पसरा मातम, छत ढहने से सास-बहू और नवजात की मौत
मो. महताब का आरोप है कि तीनों बदमाशों में से दो ने पीछे से युवक को पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने उस पर पिस्टल तान दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 18 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से युवक घबरा गया।
लूट का शिकार होने के बाद मोनू शिकायत लेकर पहले शाहगंज थाने पहुंचा। वहां से उसे खुल्दाबाद थाने भेज दिया गया। पीड़ित जब खुल्दाबाद थाने पहुंचा तो उसे दोबारा शाहगंज जाने को कह दिया गया। इस तरह वह काफी देर तक दोनों थानों के बीच भटकता रहा। आखिरकार लीडर रोड चौकी के पास पहुंचकर उसने डायल 112 पर फोन किया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और खुल्दाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
कानपुर में बेलगाम थार का कहर, स्कूटी सवार बुजुर्ग को रौंदा, मौत
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि लूट में शामिल बदमाशों में से एक खुल्दाबाद इलाके का रहने वाला है। खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव वर्मा के मुताबिक, बदमाश पैदल आए थे और वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा सके।
दीपावली के मद्देनजर शहर में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। इसके बावजूद पुलिस चौकी के सामने पिस्टल के बल पर हुई लूट की इस घटना ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।
Location : Prayagraj
Published : 8 November 2026, 4:33 PM IST
Topics : crime news Prayagraj Crime Robbery Case UP News