हिंदी
4 जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची (सोर्स-Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के 'विशेष सारांश पुनरीक्षण' (SSR)-2027 को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। भारत निर्वाचन आयोग ने 6 नवंबर को पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत राज्य के लिए एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची (draft electoral roll) अब 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसी तारीख से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार करने और अन्य दावे व आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा 6 नवंबर को जारी एक पत्र के अनुसार, आयोग के संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख तय की गई है। पहले से तय समय-सीमा में बदलाव करते हुए एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची 17 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी।
निर्वाचन आयोग ने दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए 28 दिसंबर 2026 की समय-सीमा तय की है। इस अवधि के दौरान प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की जांच की जाएगी और उनका समाधान किया जाएगा। इसके बाद संशोधित मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे संशोधित कार्यक्रम के बारे में जानकारी दें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इसके अलावा राजनीतिक दलों को भी कार्यक्रम में हुए इन बदलावों के बारे में लिखित सूचना दी जाएगी।
प्रक्रिया - निर्धारित तिथि
मतदान केंद्रों का युक्तिकरण/पुनर्गठन - 2 नवंबर 2026 तक
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन - 17 नवंबर 2026
दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि - 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक
दावों और आपत्तियों का निस्तारण - 28 दिसंबर 2026 तक
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन - 4 जनवरी 2027
इस संशोधित कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसलिए मतदाताओं के लिए यह आवश्यक है कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने पर वे अपना नाम और अन्य विवरण जांच लें ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकें।
Location : Lucknow
Published : 8 November 2026, 11:35 AM IST