हिंदी
कार में आग (Img : Dynamite News)
Muzaffarnagar : सोमवार की सुबह एक ऐसा खौफनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। पानीपत-खटीमा स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार हुंडई औरा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी तरफ जाकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में कार आग का गोला बन गई। अंदर बैठे छह लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में छहों लोगों ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा स्टेट हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के पानीपत से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की तरफ आ रहे थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के चलते कार चालक नियंत्रण खो बैठा।
कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी तरफ जाकर पलट गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कार में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण डॉक्टरों ने सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करना है। कार में लगी भीषण आग के कारण शवों की हालत बेहद खराब हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके से फिलहाल ऐसे स्पष्ट सबूत नहीं मिले हैं, जिनके आधार पर मृतकों की पहचान की जा सके। पुलिस की कई टीमें अब मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी हैं। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि 9 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा के पानीपत से आ रही एक कार में छह लोग सवार थे। जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के चलते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी तरफ पलट गई। जिसके बाद उसमें आग लग गई।
Location : Muzaffarnagar
Published : 9 November 2026, 1:40 PM IST