हिंदी
सोनौली कोतवाली के सामने खड़े ट्रक में लगी भीषण आग (Img: Dynamite News)
Maharajganj: दिवाली की शाम हर तरफ रोशनी और खुशियों का माहौल था। घरों में दीप जल रहे थे, लेकिन भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली में एक ट्रक चालक के लिए त्योहार की शाम हादसे की खबर लेकर आई। सोनौली कोतवाली के सामने निर्माणाधीन पार्किंग स्थल पर खड़े एक मालवाहक ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही पूरा केबिन जलकर राख हो गया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग पास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक पर जलाए गए दीये से निकली चिंगारी आग की वजह बनी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार के रहने वाले ड्राइवर शंकर यादव ने दीवाली के मौके पर अपने ट्रक पर एक दीया जलाया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दीये से निकली चिंगारी के कारण ट्रक के केबिन में आग लग गई। हालांकि, आग लगने का असली कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
Maharajganj: अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की थी तैयारी, दिल्ली तक पुलिस ने किया पीछा
आग लगने की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने तुरंत नौतनवा और नेपाल की दमकल टीमों को सूचित किया और मदद मांगी। दोनों टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया। जब तक दमकल गाड़ियां पहुंचीं, तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। आग बुझने के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
Maharajganj News: त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में DJ संचालकों को सख्त हिदायत
निर्माण स्थल पर कई अन्य वाहन भी खड़े थे, लेकिन आग उन तक नहीं पहुंची, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, मालवाहक ट्रक का केबिन पूरी तरह नष्ट हो गया।
Location : Maharajganj
Published : 9 November 2026, 12:23 PM IST