Gorakhpur: गोरखपुर में पटाखा जलाने को लेकर खूनी संघर्ष, लोहे की रॉड से हमला; 6 गिरफ्तार

Gorakhpur: दीपावली की रात पटाखा जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने एक व्यक्ति और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया।

Gorakhpur: दीपावली की रात पटाखा जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने एक व्यक्ति और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों को जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर लोहे की रॉड और पल्टा से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में सक्रिय हुई एम्स पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद की है।

यह है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। थाना एम्स क्षेत्र के अंतर्गत पटाखा जलाने की बात को लेकर वादी और उसके भाई का आरोपियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि अभियुक्तों ने दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया और उनके सिर पर लोहे की रॉड व पल्टा से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना एम्स में मुकदमा अपराध संख्या 340/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।

गोरखपुर में पारले फैक्ट्री के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, गीडा पुलिस जांच में जुटी

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज, बबलू और अरुण पुत्रगण रामजतन निवासी नवलपुरवा थाना एम्स, अभय पुत्र जय प्रकाश निवासी नारायणपुर खुर्द थाना गोला, हाल पता भैरोपुर धोबीटोला थाना एम्स, आजाद पुत्र रमजान निवासी डिबिया थाना कैण्ट तथा अर्जुन पुत्र स्वर्गीय बबलू निवासी नवलपुरवा थाना एम्स शामिल हैं।

शरीर में दिखने वाले ये 7 बदलाव हो सकते हैं कैंसर का संकेत

घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल विश्वास यादव, कांस्टेबल राजेश गुप्ता और रिजर्व कांस्टेबल वारिस अहमद शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 November 2026, 3:47 PM IST

Advertisement