हिंदी
सोनिया गांधी का X पर डेब्यू(img: X)
New Delhi: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम के बाद अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर भी डेब्यू कर लिया है। उन्होंने अपनी पहली पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी के साथ पहली मुलाकात की यादें साझा की हैं। करीब दो मिनट के वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि कैसे इंग्लैंड के कैंब्रिज में एक ग्रीक रेस्तरां में हुई मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। यह पोस्ट उनकी आने वाली आत्मकथा Belonging: A Journey of Love से जुड़ी है, जो 10 नवंबर को प्रकाशित होने वाली है।
सोनिया गांधी ने वीडियो में बताया कि साल 1965 में जब वह 19 साल की थीं, तब कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। उस समय इंग्लैंड में उन्हें अपनी पसंद का इटैलियन खाना ढूंढने में परेशानी होती थी। इसी तलाश में वह एक ऐसे ग्रीक रेस्तरां पहुंचीं, जहां यूरोपीय और भारतीय छात्र अक्सर खाना खाने आते थे।
इसी रेस्तरां में एक साझा मित्र ने सोनिया और राजीव का परिचय कराया। इसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ने लगी। वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाते, घूमते और एक-दूसरे को समझने लगे। सोनिया ने बताया कि राजीव का सौम्य स्वभाव उन्हें पहली मुलाकात में ही प्रभावित कर गया था। उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी दिखने में बेहद आकर्षक थे। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को शादी की थी।
सोनिया गांधी ने X पर अपने पहले पोस्ट में राजीव गांधी के साथ अपनी प्रेम कहानी की शुरुआत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्टोरेंट में उनके प्यार का सफर शुरू हुआ था। अब 10 नवंबर को सोनिया गांधी अपनी जिंदगी के प्यार, हंसी और यादों से जुड़े खास पलों को साझा करेंगी
#SoniaGandhi #RajivGandhi #LoveStory #Congress #Trending #Viral @SoniaGandhi
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) October 24, 2026
सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging: A Journey of Love 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी। इसमें उनके इटली में बीते बचपन, भारत आने, राजीव गांधी से विवाह, परिवार के निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े अनुभव शामिल हैं। किताब के जरिए पाठकों को उनके जीवन के उन पहलुओं को जानने का अवसर मिलेगा, जिनके बारे में वह सार्वजनिक रूप से अपेक्षाकृत कम बोलती रही हैं।

सोनिया गांधी की आत्मकथा इससे पहले प्रकाशन संबंधी विवाद को लेकर भी चर्चा में रही। पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने किताब के प्रकाशन से पीछे हटने की पुष्टि की थी। मीडिया रिपोर्ट्स में पांडुलिपि में प्रस्तावित संपादकीय बदलावों को लेकर मतभेद की बात सामने आई थी। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आरोप लगाया था कि किताब के कुछ हिस्सों को हटाने का दबाव था, जबकि प्रकाशक ने बाहरी दबाव की बात से इनकार किया था। बाद में हार्परकॉलिन्स इंडिया ने भारतीय संस्करण के प्रकाशन की घोषणा की।
सोनिया गांधी की X पर पहली पोस्ट ने उनकी निजी जिंदगी और राजीव गांधी के साथ रिश्ते की शुरुआत को फिर चर्चा में ला दिया है। अब पाठकों की नजर 10 नवंबर को आने वाली आत्मकथा पर है।
Location : New Delhi
Published : 24 October 2026, 1:26 PM IST