हिंदी
टोल पर हंगामा
Gurugram: गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा एक्शन लिया है। टोल कर्मचारियों के कथित हिंसक व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने टोल संचालन करने वाली ठेका कंपनी रिद्धि सिद्धि एंटरप्राइजेज पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसमें पूछा गया है कि उसे ब्लैकलिस्ट क्यों न कर दिया जाए।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना पांच नवंबर की है। विवाद की शुरुआत कार के ब्लैकलिस्टेड FASTag से टोल शुल्क के भुगतान को लेकर हुई थी। टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार और कर्मचारियों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
प्रसारित वीडियो में टोल कर्मचारियों को कार सवार परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते देखा गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने परिवार के दो पुरुषों को कार से बाहर खींचने का प्रयास किया। इस दौरान टोल लेन पर लगे भारी लोहे के बूम बैरियर को उठाकर उन पर हमला किया गया।
इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला और बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इस घटना में परिवार के तीन सदस्यों के घायल होने की जानकारी मिली है। खास बात यह रही कि दूसरी लेन से गुजर रही एक महिला ने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यही वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद टोल कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे।
मामले का संज्ञान लेते हुए NHAI के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने टोल संचालन करने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि टोल भुगतान को लेकर विवाद होने का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों को यात्रियों के साथ मारपीट करने या कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार मिल जाता है।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने टोल प्लाजा पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली और टोल प्रबंधन के अधिकारियों से पूछताछ की। नौ नवंबर को सामने आई पुलिस की जानकारी के मुताबिक, उस समय तक पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।
NHAI के परियोजना निदेशक भवनेश कुमार ने बताया कि टोल संचालन करने वाली कंपनी रिद्धि सिद्धि एंटरप्राइजेज के खिलाफ आगे की दंडात्मक कार्रवाई अनुबंध की शर्तों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। अब कंपनी को नोटिस का जवाब देना होगा। इसके बाद उसे ब्लैकलिस्ट करने समेत आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
Location : Gurugram
Published : 10 November 2026, 5:25 PM IST