हिंदी
2 बाइक समेत 7 गिरफ्तार(img: Dynamite news)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र में मजदूरों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में खोराबार पुलिस के साथ स्वाट और एसओजी टीम भी शामिल रही।
पुलिस के अनुसार, बीते 10 नवंबर 2026 को रायगंज बाजार क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक राय होकर मजदूरों को निशाना बनाया था। आरोप है कि हमलावरों ने पहले वादी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद वादी और उसके साथ मौजूद एक अन्य मजदूर को गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर खोराबार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 543/2026 दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष खोराबार सुधांशु सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक अशफाक अहमद ने पुलिस टीम, स्वाट और एसओजी के सहयोग से मामले में नामजद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज पासवान पुत्र शैलेष पासवान, दुर्विजय पासवान पुत्र बाबूलाल पासवान, गोलू कुमार पासवान पुत्र अनिरुद्ध पासवान, सन्नी गौड़ उर्फ रामलाल पुत्र इंदल गौड़, विष्णु यादव पुत्र गोल्ही उर्फ रामहित यादव, विवेक पासवान पुत्र सूर्यभान पासवान और श्लोक पासवान पुत्र बबलू पासवान शामिल हैं। सभी आरोपी रायगंज बाजार, थाना खोराबार क्षेत्र के निवासी हैं।
गोरखपुर: एक घंटे में पुलिस ने खोज निकाली चार वर्षीय मासूम बच्ची, परिजनों को सकुशल सौंपा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार गोलू कुमार पासवान के खिलाफ वर्ष 2023 में भी खोराबार थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337 और 338 के तहत मुकदमा दर्ज है। अन्य छह आरोपियों का उपलब्ध आपराधिक इतिहास इसी मामले से संबंधित है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में खोराबार थाने के उपनिरीक्षक अशफाक अहमद, स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अजय पटेल व विवेक सिंह तथा एसओजी टीम के उपनिरीक्षक राजमंगल सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बरामद दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : gorakhpur
Published : 14 November 2026, 8:26 PM IST