हिंदी
मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे चालक(img: Dynamite news)
Gorakhpur: देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले वाहन चालकों ने अब अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई तेज कर दी है। 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी एवं उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन के आह्वान पर शुरू हुए अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ के तहत शुक्रवार को सहजनवां क्षेत्र के तेनुआ टोल प्लाजा के पास संगठन के पदाधिकारी सड़कों पर उतरे। उन्होंने गुजरने वाले ट्रकों को रोककर चालकों से संवाद किया और उन्हें अपनी मांगों के समर्थन में अभियान से जुड़ने की अपील की।
संगठन की ओर से 12 नवंबर 2026 से देशव्यापी अनिश्चितकालीन अभियान शुरू किया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि दिन-रात सड़कों पर रहकर माल और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले चालकों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। कठिन परिस्थितियों में काम करने के बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा मिलती है और न ही दुर्घटना की स्थिति में परिवार को समुचित आर्थिक संरक्षण मिल पाता है। इसी उपेक्षा के खिलाफ चालक एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
चालकों की 14 सूत्रीय मांगों में राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड की स्थापना तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देना प्रमुख है। इसके साथ ही प्रत्येक चालक को दुर्घटना एवं जीवन बीमा, हाईवे पर सुरक्षित विश्राम स्थल, 55 वर्ष की आयु के बाद पेंशन और सरकारी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग उठाई गई है।
संगठन ने ड्यूटी के दौरान चालकों का उत्पीड़न रोकने, सम्मानजनक कार्य समय निर्धारित करने, उचित वेतन, भत्ता और ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित करने तथा चालकों के बच्चों की शिक्षा एवं रोजगार के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा प्रत्येक चालक को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान-पत्र जारी करने की मांग शामिल है।
Gorakhpur: दहेज हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई! पति, सास और ननद गिरफ्तार
पदाधिकारियों ने कहा कि चालक केवल वाहन नहीं चलाते, बल्कि देश की आर्थिक गतिविधियों को गति देते हैं। इसलिए उन्हें भी सम्मान, सुरक्षा और अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने नारा बुलंद करते हुए कहा, ‘ड्राइवर सुरक्षा कानून हमारा अधिकार, ड्राइवर आयोग हमारा अधिकार और ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड हमारा अधिकार।’ संगठन ने देशभर के चालकों से एकजुट होकर 14 सूत्रीय मांगों के समर्थन में अभियान को मजबूती देने की अपील की।
Location : gorakhpur
Published : 13 November 2026, 7:54 PM IST