हिंदी
गोरखपुर में सरकारी कामकाज की जांच
Gorakhpur: विकास भवन में लापरवाही और अव्यवस्थाओं को लेकर मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक प्रिय लगातार दूसरी बार कार्यालय से नदारद मिले। भ्रमण पंजिका भी उपलब्ध नहीं मिली। इस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शासन स्तर से कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने 16 अक्टूबर को हुए पिछले निरीक्षण से मौजूदा व्यवस्थाओं की तुलना की। जिन कार्यालयों में पहले गंदगी और अभिलेखों के रखरखाव में कमियां मिली थीं, उनमें सुधार पाया गया। हालांकि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं दिखा।
पिछले निरीक्षण में भी अधिशासी अभियंता अनुपस्थित मिले थे और भ्रमण पंजिका नहीं मिली थी। उस समय सहायक अभियंता के हस्ताक्षरों में भी गड़बड़ी सामने आई थी। गुरुवार को दोबारा वही स्थिति मिलने पर मंडलायुक्त ने सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
सरकारी दफ्तर में लापरवाही पर सख्ती
समाज कल्याण कार्यालय में छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं को लेकर 50 से अधिक छात्र-छात्राओं की मौजूदगी देखकर मंडलायुक्त नाराज हो गए। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों को कार्यालयों के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति का कार्य देख रहीं प्रज्ञा चतुर्वेदी से वार्ता कर विश्वविद्यालय और विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने को कहा। समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह की लापरवाही पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में जिला विकास अधिकारी कार्यालय के एल्यूमिनियम पार्टिशन पर निजी कंपनी का नाम लिखा मिलने पर उसे हटाने का निर्देश दिया। निपुण भारत कक्ष का भी जायजा लिया। वहीं सीडीओ सभागार और परियोजना निदेशक कार्यालय की व्यवस्था बेहतर मिलने पर सराहना की। मंडलायुक्त ने मंडल की अगली बैठक इसी सभागार में कराने के निर्देश दिए।
आंखों के सामने राख हो गई खून-पसीने की कमाई, गोरखपुर में दबंगों ने पकी हुई धान की फसल में लगाई आग
इस दौरान जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 12 November 2026, 11:11 PM IST