हिंदी
विमला देवी हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा
Nainital: रामनगर में 56 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ा खुलासा किया है। इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में भारतीय सेना में तैनात एक जवान समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या के पीछे करीब चार साल पुरानी रंजिश थी। आरोपियों ने पहले महिला के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और फिर उन्हें गाड़ी में ले जाकर पानी में डुबो दिया। इसके बाद शव को घर के पास छोड़कर फरार हो गए।
मृतका की पहचान छोई गांव के किशनपुर पड़ाव निवासी विमला देवी (56) के रूप में हुई है। 10 नवंबर को उनका शव घर से कुछ दूरी पर मिला था। महिला के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान थे। घटना की सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी की टीम को भी जांच में लगाया गया।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल (32) भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में तैनात है। उसके पिता गोविंद सिंह की करीब साढ़े तीन से चार साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था। दोनों जेल भी गए थे, हालांकि फिलहाल जमानत पर बाहर हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के चलते मोहित ने विमला देवी को निशाना बनाने की योजना बनाई। इस काम में उसने रामनगर निवासी सैरान (21) और मोहम्मद अबूजर (22) को भी शामिल किया। आरोप है कि तीनों ने महिला के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान लोहे के पने से उनके पैरों और शरीर पर कई वार किए गए।
इसके बाद आरोपी विमला देवी को कार में डालकर धापला पुल की ओर ले गए। रास्ते में गाड़ी में तेज आवाज में स्पीकर बजाया गया। पुलिस के अनुसार, धापला पुल के पास महिला को करीब आधे घंटे तक पानी में डुबोकर रखा गया और उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। बाद में आरोपी शव को वापस लाकर उनके घर के नजदीक फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों आरोपी महिला को जीवित अवस्था में अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। महिला की हत्या के बाद मुख्य आरोपी मोहित उसके दोनों बेटों की हत्या करने के इरादे से चौखुटिया की ओर जा रहा था। पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, जिससे एक और वारदात होने से बच गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कार, लोहे का पाना, लाठी-डंडे, पत्थर, महिला के कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित फर्त्याल निवासी छोई, सैरान निवासी खताड़ी और मोहम्मद अबूजर निवासी खताड़ी, मूल रूप से मेरठ शामिल हैं।
Location : Nainital
Published : 12 November 2026, 11:31 PM IST
Topics : army soldier arrested Nainital Old Rivalry Murder ramnagar murder case three accused arrested