हिंदी
गोरखपुर में तेज रफ्तार बस का कहर (Image Source: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर-दिल्ली मार्ग पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। सहजनवां थाना क्षेत्र के कसरवल गांव के पास हुए इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे 48 वर्षीय परमात्मा यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संगीता और चार वर्षीय बेटा सूर्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव निवासी परमात्मा यादव (48) पुत्र सीताराम यादव दो दिन पहले अपनी पत्नी संगीता और चार वर्षीय बेटे सूर्यांश के साथ चिलुआताल थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित अपनी ससुराल आए थे। गुरुवार को तीनों बाइक से अपने गांव लकड़ी लौट रहे थे।
Maharajganj News: कड़ी सुरक्षा के बीच नम आंखों से मां लक्ष्मी को दी विदाई, गूंजे जयकारे
अपराह्न करीब तीन बजे उनकी बाइक सहजनवां थाना क्षेत्र के कसरवल गांव के पास पहुंची। इसी दौरान गोरखपुर से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और बस की चपेट में आ गए।
हादसे में परमात्मा यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी संगीता और चार वर्षीय बेटा सूर्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
स्थानीय लोगों की मदद से संगीता और सूर्यांश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां पहुंचाया गया। वहां दोनों का उपचार चल रहा है। मां और बेटे की गंभीर हालत की जानकारी मिलने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है।
एक ही बाइक पर सवार परिवार के तीन सदस्यों में से परमात्मा यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की खबर परिवार और गांव पहुंचने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जिस परिवार के सदस्य एक साथ अपने गांव लौट रहे थे, वहां इस दुर्घटना के बाद मातम छा गया।
गोरखपुर में विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने लगा युवक, आरक्षी ने जान पर खेलकर बचाई जान
हादसे की सूचना मिलते ही सहजनवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परमात्मा यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल प्राइवेट बस और उसके चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस और चालक को पुलिस हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि परमात्मा यादव दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे परमात्मा यादव की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में चार वर्षीय सूर्यांश के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल है।
Location : Gorakhpur
Published : 12 November 2026, 8:26 PM IST