हिंदी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया (Image Source : X)
Saharanpur: चाचा की पत्नी से करीब साढ़े तीन साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में चाचा को रास्ते से हटाने के लिए भतीजे ने ऐसी खौफनाक साजिश रची कि रिश्ते भी शर्मसार हो गए। पहले खेत में फोन करके चाचा को बुलाया, फिर लोहे की रॉड से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद जब चाचा की सांसें चलती मिलीं तो आरोपी ने अपने सगे भाई को बुलाया और दोनों बाइक पर शव को दूसरे रास्ते पर ले जाकर फेंक आए। सहारनपुर की सरसावा पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह मृतक की पत्नी और मुख्य आरोपी के बीच प्रेम प्रसंग था।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि नौ नवंबर को थाना सरसावा क्षेत्र में हैदरपुर-भिक्कनपुर जाने वाले रास्ते पर एक शव मिला था। मृतक की पहचान चिलकाना क्षेत्र के गांव चौरीमंडी निवासी राजू के रूप में हुई थी। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजू के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई। चोटों के आधार पर हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्याकांड का खुलासा करने के लिए कई टीमें गठित की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान राजू के रिश्ते के भतीजे शुभम और उसके सगे भाई रजत की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की।पुलिस ने देहरादून-अंबाला हाईवे पर सरसावा टोल प्लाजा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, मृतक राजू के कपड़े, पर्स और पहचान से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया (IMG: Dynamite News)
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी शुभम ने बताया कि मृतक राजू की पत्नी और उसके बीच करीब साढ़े तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजू को इस संबंध की जानकारी थी और उसने कई बार इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर शुभम अपने चाचा राजू से रंजिश रखने लगा था। शुभम को लगता था कि जब तक राजू उसके रास्ते से नहीं हटेगा, तब तक वह उसकी पत्नी से बातचीत आगे नहीं बढ़ा पाएगा। इसी सोच के चलते उसने राजू की हत्या की योजना बनाई। इस साजिश में उसने अपने सगे भाई रजत को भी शामिल कर लिया।
पूछताछ में शुभम ने पुलिस को बताया कि नौ नवंबर की रात उसने अपने चाचा राजू को फोन करके खेत में बुलाया था। वहां दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद शुभम ने अपने साथ लाई गई लोहे की रॉड से राजू के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से राजू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। हालांकि, उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। राजू की हालत देखकर शुभम घबरा गया। इसके बाद उसने अपने सगे भाई रजत को फोन करके मौके पर बुलाया। दोनों ने राजू को बाइक पर बैठाया और भिक्कनपुर-हैदरपुर जाने वाले रास्ते पर बंधे के पास फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, बाद में राजू की मौत हो गई।
एसपी देहात मयंक ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में महिला की संलिप्तता के सीधे साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार, शुभम ने हत्या की योजना के बारे में महिला को जानकारी नहीं दी थी। हालांकि, इस पहलू पर जांच अभी जारी है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Saharanpur
Published : 12 November 2026, 8:04 PM IST