हिंदी
गिरफ्तार आरोपी (Img : Social Media)
Kannauj: जिले से इस वक्त की बड़ी खबर है। छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा विधायक के भतीजे की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी कांग्रेसी नेता अमोल दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
बता दें कि दीपावली के दिन शाम करीब साढ़े छह बजे कोतवाली के सामने अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
आरोप है कि मामूली विवाद के बाद कांग्रेसी नेता अमोल दीक्षित ने अपनी पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर अधिवक्ता को गोलियां मार दी थीं। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। कोतवाली के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया था।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार पुलिस ने मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। इनमें मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित के अलावा उसके पिता अवध बिहारी दीक्षित और मां मुन्नी देवी शामिल हैं। पुलिस मुख्य आरोपी की मां को पहले ही हिरासत में ले चुकी थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Location : Kannauj
Published : 10 November 2026, 6:32 PM IST
Topics : crime news kannauj news Murder Case UP News