बाराबंकी में मन्नत पूरी होने पर मंदिर से लौट रहा था परिवार, घर पहुंचने से पहले ही मां-बेटे की दर्दनाक मौत

लखनऊ-कुर्सी-महमूदाबाद राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां और छह माह के मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 November 2026, 6:10 PM IST
google-preferred

Barabanki : मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बड्डूपुर क्षेत्र में लखनऊ-कुर्सी-महमूदाबाद राजमार्ग पर बाबा कुटी तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पूनम (30) और उनके छह माह के बेटे आयुष की मौत हो गई, जबकि पति अनिल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

तीन बेटियों के बाद हुआ था बेटे का जन्म

पुलिस के मुताबिक, लखनऊ के मझगवां निवासी अनिल यादव अपनी पत्नी पूनम और छह माह के बेटे आयुष के साथ फतेहपुर क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दर्शन करने और प्रसाद चढ़ाने गए थे। बताया गया कि परिवार में तीन बेटियों के बाद बेटे का जन्म हुआ था। बेटे की प्राप्ति के लिए परिवार ने मंदिर में मन्नत मांगी थी। मंगलवार को मन्नत पूरी होने पर परिवार मंदिर में प्रसाद चढ़ाने पहुंचा था।

लौटते समय ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर

पूजा-अर्चना और प्रसाद चढ़ाने के बाद तीनों बाइक से लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान बाबा कुटी तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पूनम और मासूम आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।

Barabanki: जूतों के तलवों में छिपा था 2.76 करोड़ का सोना! नेपाल से दिल्ली जा रहे दो तस्कर बाराबंकी में गिरफ्तार

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अनिल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मां और मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

हादसे की जानकारी मिलते ही लखनऊ से परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। दोपहर करीब 2:30 बजे शुरू हुए जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Location :  Barabanki

Published :  10 November 2026, 6:10 PM IST

Advertisement