हिंदी
हिस्ट्रीशीटर की हत्या (Img : pinterest)
Lucknow: जिले में शराब पार्टी के बाद एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। मानकनगर के मंगलखेड़ा रामनगर इलाके में घर की छत पर दोस्तों के साथ शराब पी रहे हिस्ट्रीशीटर की ईंट से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रमाशंकर उर्फ छोटू उर्फ कालिया के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
सोमवार रात करीब 11 बजे शुरू हुई पार्टी मंगलवार तड़के तक चली। सुबह होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों को छत पर रमाशंकर का खून से लथपथ शव मिला। छोटे बेटे की तहरीर पर पड़ोसी वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यहां रहने वाले रमाशंकर अपनी बुजुर्ग मां सिट्टन देवी, बड़े भाई उमाशंकर और छोटे बेटे आशु के साथ रहते थे। उनका बड़ा बेटा विवेक आशियाना में पैथोलॉजी लैब चलाता है, जबकि बेटी खुशी की शादी हो चुकी है।
नगर निगम के जोन-6 में सफाईकर्मी के पद पर काम करने वाले बड़े भाई उमाशंकर ने बताया कि रमाशंकर अक्सर घर पर दोस्तों को बुलाकर खाने-पीने की पार्टी करता था। सोमवार रात भी करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाला वीरेश सिंह अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ घर आया था। इसके बाद सभी मकान की छत पर बने टीन शेड के नीचे बैठकर शराब और खाने की पार्टी करने लगे। बताया गया कि पार्टी रात करीब एक बजे तक चली।
उमाशंकर के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह ड्यूटी जाने के लिए सोकर उठे। इस दौरान छत पर पहुंचे तो छोटे भाई रमाशंकर को जमीन पर पड़ा देखा। उन्हें लगा कि शराब के नशे में वह सो रहा है। इसके बाद उन्होंने छोटे भतीजे आशु को पिता के छत पर पड़े होने की जानकारी दी और अपनी ड्यूटी पर चले गए।
सुबह होने पर आशु छत पर पहुंचा तो पिता की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। रमाशंकर का शव खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद उसने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मानकनगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतक के बेटे आशु ने पुलिस को बताया कि देर रात छत से तेज आवाजें सुनाई दे रही थीं। उसे लगा कि पिता और उनके साथी शराब पीने के बाद हंगामा कर रहे हैं। इसलिए उसने उस समय आवाजों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सुबह छत पर पहुंचने के बाद उसे पिता की हत्या की जानकारी हुई।
एसओ अजीत कुमार ने बताया कि छोटे बेटे आशु की तहरीर पर पड़ोसी वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
Location : Lucknow
Published : 10 November 2026, 7:43 PM IST
Topics : crime news Lucknow News Murder Case UP Police