Balrampur: नाली विवाद में दबंगों ने रॉड से प्रहार कर बुजुर्ग को मार डाला, आठ पर केस दर्ज

मासूम-सी लगने वाली नाली के पानी की एक मामूली बहस ने बलरामपुर के उतरौला में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रजिया हन्नीडीह गांव में गुरुवार को दबंगई का ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से पूरे परिवार पर हमला बोल दिया।

Balrampur: उतरौला कोतवाली क्षेत्र के रजिया हन्नीडीह गांव में नाली के पानी को लेकर उपजे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दबंगों द्वारा घर में घुसकर लोहे की रॉड से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग राम प्यारे यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हमले में घर की महिलाओं समेत कई अन्य सदस्य भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को रजिया हन्नीडीह निवासी दीपक कुमार यादव के परिवार और गांव के ही कुछ लोगों के बीच नाली के पानी के निकास को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने एकजुट होकर दीपक के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि रामदेव यादव, राम किशुन यादव, राम करन यादव, हेमन्त यादव, जितेन्द्र यादव, ओम प्रकाश यादव, सुभाष यादव और हिमान्शू यादव ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए परिवार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में दीपक के बाबा राम प्यारे यादव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आईं घर की महिलाओं और भाई सतीश यादव को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

ईलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ा

परिजनों ने आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया। वहां राम प्यारे यादव की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया, जबकि परिवार के अन्य घायल सदस्यों का इलाज सीएचसी उतरौला में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। उतरौला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज ने बताया कि घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सभी आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार मिश्रा को जांच सौंपी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Location :  Balrampur

Published :  12 November 2026, 7:22 PM IST

Advertisement