हिंदी
बलिया पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर जिले के 43 उप निरीक्षकों का स्थानांतरण किया है(img-dynamite news)
Ballia: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए बलिया पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बलिया पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर जनहित एवं प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले के 43 उप निरीक्षकों का स्थानांतरण एवं समायोजन किया है। इसमें चौकी प्रभारियों के साथ विभिन्न थानों में तैनात उप निरीक्षक भी शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान तैनाती स्थल से हटाकर नए स्थान पर तैनात किया गया है। इनमें चौकी प्रभारी, थाना स्तर पर तैनात उप निरीक्षक और महिला उप निरीक्षक भी शामिल हैं। इस संबंध में 11 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के अलग-अलग थानों और चौकियों के बीच अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।
यह भी पढ़ें- झारखंड से पंजाब जा रहा था अफीम का काला कारोबार, बरेली में स्कॉर्पियो समेत तीन शातिर तस्कर गिरफ्तार
इस फेरबदल के तहत बलिया के बैरिया, रेवती, हल्दी, मनियर, सुखपुरा, गड़वार, फेफना, रसड़ा, सिकंदरपुर, नगरा, उभांव, भीमपुरा, पकड़ी, चितबड़ागांव और अन्य थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक सक्रियता और पुलिसिंग को व्यवस्थित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को नए तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार संभालने और अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार चौकी प्रभारी मासूमपुर खेजुरी शुभम दुबे को चौकी प्रभारी सीयर उभांव, चौकी प्रभारी सुल्तानपुर बांसडीह सूरज कुमार को चौकी प्रभारी जापलिनगंज कोतवाली, अजय कुमार को जापलिनगंज से सुल्तानपुर बांसडीह तथा कृष्णानंद विश्वकर्मा को बसंतपुर सुखपुरा से जयप्रकाशनगर बैरिया भेजा गया है। वहीं कृपाशंकर गुप्ता को जयप्रकाशनगर से संवरा रसड़ा, सुधीर चौहान को रामगढ़ हल्दी से गोपालनगर रेवती, मयंक कुमार को संवरा रसड़ा से सिकंदरपुर तथा नीरज यादव को सीयर उभांव से मासूमपुर खेजुरी भेजा गया है। इसके अलावा रंजीत कुमार को बसुधरपाह हल्दी से बेक्सवारी सुखपुरा, दुर्गेश गौड़ को गोपालनगर रेवती से रतसड़ गड़वार, जयदीप यादव को सिकंदरपुर से बहादुरपुर हल्दी तथा बांके बहादुर सिंह को रतसड़ गड़वार से रामगढ़ हल्दी भेजा गया है।
Location : Ballia
Published : 12 November 2026, 6:32 PM IST