हिंदी
जेनसेन हुआंग का इस्तीफा (Img: Pinterest)
New Delhi: दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी Nvidia में नेतृत्व को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस्स को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। नई नियुक्ति के बाद क्रेस्स कंपनी की वित्तीय जिम्मेदारियां संभालने के साथ उसके कामकाज का नेतृत्व भी करेंगी। बोर्ड ने स्थायी CEO की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी के अंदर और बाहर, दोनों जगह से योग्य उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा।
जेन्सेन हुआंग Nvidia के सह-संस्थापक रहे हैं। उन्होंने करीब 33 वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में Nvidia ने कंप्यूटर ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र की बड़ी वैश्विक कंपनी तक का सफर तय किया। हालांकि, उनके इस्तीफे को लेकर एक महिला से कथित संबंधों और उसकी संभावित चीनी खुफिया एजेंसियों से जुड़ी होने की आशंकाओं का भी जिक्र किया गया है। इस मामले में अमेरिकी अधिकारियों की जांच तेज होने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें: Jensen Huang Resignation: जेंसन हुआंग को ले डूबा अफेयर, Nvidia के CEO पद से दिया इस्तीफा, नया चीफ कौन
कोलेट क्रेस्स टेक्नोलॉजी और वित्तीय क्षेत्र का लंबा अनुभव रखने वाली अधिकारी हैं। वह सितंबर 2013 में Nvidia से जुड़ी थीं। इससे पहले उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट और सिस्को जैसी बड़ी कंपनियों में वरिष्ठ वित्तीय पदों पर काम किया। करीब 25 वर्षों के अनुभव के साथ उन्होंने कंपनी के वित्तीय प्रबंधन, कारोबार की रणनीति और संचालन से जुड़े कई अहम काम संभाले हैं।
Nvidia में उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी के कारोबार में बड़ा बदलाव आया। पहले कंपनी के चिप्स मुख्य रूप से कंप्यूटर ग्राफिक्स के लिए इस्तेमाल होते थे, लेकिन अब AI सिस्टम और आधुनिक कंप्यूटिंग में उनकी अहम भूमिका है।
कोलेट क्रेस्स (Img: X)
अंतरिम CEO बनने के बाद कोलेट क्रेस्स ने कहा कि वह जेन्सेन हुआंग के नेतृत्व में तैयार की गई मजबूत नींव को आगे बढ़ाएंगी। उनका कहना है कि कंपनी का ध्यान AI और एक्सीलरेटेड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने पर रहेगा। इसके साथ ही ग्राहकों, साझेदारों, डेवलपर्स और निवेशकों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कंपनी की मौजूदा योजनाओं और विकास की रफ्तार को बनाए रखने की कोशिश की जाएगी।
Nvidia में नेतृत्व बदलाव के साथ बोर्ड में भी नई नियुक्ति हुई है। कंपनी ने हार्वे सी. जोन्स को अपना पहला चेयरमैन नियुक्त किया है। जोन्स को टेक्नोलॉजी, कारोबार और निवेश के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह इससे पहले Synopsys के CEO और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन रह चुके हैं।
उन्होंने कोलेट क्रेस्स के अनुभव पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें कंपनी के कारोबार, ग्राहकों और वित्तीय स्थिति की अच्छी समझ है। उनके मुताबिक, अनुभवी नेतृत्व टीम के सहयोग से कंपनी का कामकाज और प्रोडक्ट से जुड़ी योजनाएं जारी रहेंगी।
ये भी पढ़ें: Nvidia CEO Jensen Huang: जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच कैसे बने अंतरंग संबंध? अब अमेरिका ने दी चेतावनी
कंपनी ने जानकारी दी है कि तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे 17 नवंबर को जारी किए जाएंगे। इसके बाद निवेशकों और विश्लेषकों के लिए अर्निंग्स कॉल भी आयोजित होगी। कंपनी के अनुसार, नेतृत्व में बदलाव के बावजूद इस कार्यक्रम के तय समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
Nvidia में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब दुनिया में AI तकनीक और सेमीकंडक्टर चिप्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि कोलेट क्रेस्स के नेतृत्व में कंपनी अपनी पुरानी रफ्तार बरकरार रख पाती है या नहीं।
Location : New Delhi
Published : 12 November 2026, 8:27 PM IST
Topics : Colette Kress Interim CEO Jensen Huang Resignation Nvidia CEO News Nvidia Leadership Change Nvidia New CEO 2026
No related posts found.