गोद में बच्चा, हाथ में राइफल… ईरान में महिलाओं को दी जा रही कमांडो ट्रेनिंग, अमेरिका से जंग की तैयारी?

अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान में महिलाओं को सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तेहरान के आजादी स्क्वायर पर आयोजित विशेष शिविर में महिलाएं असॉल्ट राइफल चलाने, कमांडो अभ्यास, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन राहत कार्यों की ट्रेनिंग ले रही हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य संभावित अमेरिकी जमीनी हमले की स्थिति में महिलाओं को तैयार करना है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 November 2026, 4:10 PM IST
google-preferred

NewDelhi: अमेरिका के साथ बढ़ते कूटनीतिक तनाव और संभावित अमेरिकी जमीनी हमले की आशंका के बीच ईरान में महिलाओं को सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राजधानी तेहरान के ऐतिहासिक आजादी स्क्वायर पर महिलाओं के लिए विशेष सैन्य प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया है। इस शिविर में महिलाएं असॉल्ट राइफल चलाने से लेकर मुश्किल परिस्थितियों में मुकाबला करने तक का अभ्यास कर रही हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में हिजाब और नकाब पहने महिलाएं असॉल्ट राइफलों से निशाना लगाती दिखाई दे रही हैं। कुछ महिलाएं ऊंची कंक्रीट की दीवारों को पार करने का अभ्यास कर रही हैं, जबकि अन्य जिप लाइन के सहारे एक इमारत से दूसरी इमारत तक पहुंचने की कमांडो ट्रेनिंग ले रही हैं।

इस प्रशिक्षण शिविर की एक खास बात यह भी है कि इसमें केवल युवा लड़कियां ही नहीं, बल्कि छोटे बच्चों को साथ लेकर पहुंची महिलाएं भी शामिल हैं। कई महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लेकर सैन्य अभ्यास करती नजर आ रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया आउटलेट अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सैन्य अधिकारियों ने बताया है कि इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संभावित अमेरिकी जमीनी हमले की स्थिति में महिलाओं को तैयार करना है।

हथियार चलाने के साथ प्राथमिक चिकित्सा और राहत कार्यों की ट्रेनिंग

महिलाओं को इस शिविर में केवल हथियार चलाने का प्रशिक्षण नहीं दिया जा रहा है। उन्हें गोरिल्ला युद्ध, आपातकालीन राहत कार्य, प्राथमिक चिकित्सा और युद्ध के दौरान जरूरी रसद एवं सामान पहुंचाने जैसे कामों की भी जानकारी दी जा रही है।

रातभर Wi-Fi राउटर छोड़ देते हैं ऑन? हो जाएं सावधान, स्पीड से लेकर प्राइवेसी तक पर पड़ सकता है बुरा असर

ईरान में महिलाओं को रक्षा गतिविधियों से जोड़ने का यह कदम एक बड़े राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है। इसके जरिए तेहरान यह संदेश देना चाहता है कि संकट की स्थिति में देश की महिलाएं भी अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए तैयार हैं।

इससे पहले भी ईरान में महिलाओं की सैन्य और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में हजारों महिलाओं और युवतियों ने 'ईरान के प्रति समर्पित बेटियां' नाम से आयोजित एक विशाल रैली में हिस्सा लिया था।

इस रैली के दौरान तेहरान में अमेरिका और इसराइल के खिलाफ नारेबाजी हुई थी। इसमें शामिल महिलाओं ने देश के नए सर्वोच्च नेता के प्रति अपनी निष्ठा जताई थी और अमेरिका या इसराइल की ओर से हमले की स्थिति में हथियार उठाकर देश की रक्षा करने का संकल्प लिया था।

सात शर्तों पर बातचीत का संकेत

एक तरफ ईरान में महिलाओं को सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अमेरिका के साथ कूटनीतिक गतिरोध भी जारी है। ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रिजाई ने मंगलवार को बयान देते हुए कहा कि फिलहाल ईरान और अमेरिका के बीच किसी भी स्तर पर बातचीत या वार्ता नहीं हो रही है।

पटाखा छोड़ती बुलेट पड़ी भारी, देवरिया में मॉडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस ने काटा 21 हजार का चालान

रिजाई के मुताबिक, अमेरिका को जून में प्रस्तावित अंतरिम समझौते की सात प्रमुख शर्तों पर अपना रुख स्पष्ट करना होगा। यदि अमेरिका इन शर्तों पर सहमत होता है तो बातचीत आगे बढ़ सकती है, अन्यथा ईरान युद्ध के लिए तैयार है।

जनरल मोहसिन रिजाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अमेरिका को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि अब अमेरिका के लिए ईरान की सात शर्तों के सामने झुकने का समय आ गया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान के खिलाफ युद्ध से अमेरिकी सरकार को बड़ा झटका लगा है।

रिजाई का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ युद्ध खत्म करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति दिखाई दे रही है। ऐसे में एक ओर ईरान में महिलाओं का सैन्य प्रशिक्षण चर्चा में है, तो दूसरी ओर दोनों देशों के बीच बातचीत और तनाव को लेकर भी स्थिति महत्वपूर्ण बनी हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  12 November 2026, 4:10 PM IST

Advertisement