हिंदी
गोरखपुर में डेढ़ बीघा खेत में पकी धान की फसल में लगाई आग (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के जंगल सरया बेलवरिया गांव में खेत में खड़ी धान की पक चुकी फसल को कथित तौर पर जबरन आग के हवाले कर देने का मामला सामने आया है। आगजनी में किसान की करीब डेढ़ बीघा धान की फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान होने का दावा किया गया है। पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों पर रंजिशन फसल जलाने और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में गोला पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जंगल सरया बेलवरिया निवासी राजेश कुमार उपाध्याय पुत्र सुरेंद्र उपाध्याय ने गोला थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव में महेंद्र यादव पुत्र संतराम यादव और पंकज यादव पुत्र महेंद्र यादव के घर के सामने उनका खेत स्थित है। इस खेत में उन्होंने धान की फसल बोई थी, जो पककर तैयार हो चुकी थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों लोगों ने जबरदस्ती उनके खेत में खड़ी धान की फसल में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया और करीब डेढ़ बीघा खेत की धान की फसल जलकर नष्ट हो गई।
Gorakhpur: पुलिस के शिकंजे में आया आरोपी, पिता पर किया था जानलेवा हमला
पीड़ित के मुताबिक, फसल जलाए जाने की जानकारी होने पर वह आरोपितों के घर उलाहना देने पहुंचे। आरोप है कि इस पर दोनों लोग नाराज हो गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं, विरोध करने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई। खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए पीड़ित वहां से लौट आया। पीड़ित ने तहरीर में आरोपितों को दबंग किस्म का बताते हुए पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
Gorakhpur: ई-रिक्शा में छूटा ट्रॉली बैग ऐसे पहुंचा महिला तक, सुरक्षित मिले जेवर और दस्तावेज
एक तरफ किसान अपनी मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार करता है, वहीं दूसरी तरफ पककर तैयार फसल के जल जाने से उसे आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में गोला पुलिस ने राजेश कुमार उपाध्याय की तहरीर के आधार पर महेंद्र यादव और पंकज यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(1), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 12 November 2026, 3:16 PM IST
Topics : crime news Gola police Gorakhpur News Paddy Crop UP News