हिंदी
ई-रिक्शा में छूटा बैग सकुशल मिला
Gorakhpur: शहर में ई-रिक्शा से सफर के दौरान जल्दबाजी या भूलवश सामान छूट जाना आम बात है, लेकिन यदि समय रहते पुलिस को सूचना दे दी जाए तो खोया हुआ सामान वापस मिलने की उम्मीद बनी रहती है।
ऐसा ही एक मामला गोरखपुर के थाना कैंट क्षेत्र में सामने आया, जहां पुलिस की सक्रियता और आधुनिक तकनीक की मदद से ई-रिक्शा में छूटा एक महिला का ट्रॉली बैग तीन दिन बाद सुरक्षित बरामद कर उसे सौंप दिया गया। बैग में रखे कपड़े, ज्वेलरी और जरूरी दस्तावेज भी पूरी तरह सुरक्षित मिले।
जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को आवेदिका अम्बेडकर चौराहे के पास स्थित विशाल मेगा मार्ट से एक ई-रिक्शा में सवार होकर रोडवेज बस अड्डे जा रही थीं। इसी दौरान उनका ट्रॉली बैग अनजाने में ई-रिक्शा में ही छूट गया।
कुछ देर बाद जब उन्हें बैग छूटने का एहसास हुआ तो उन्होंने काफी तलाश की और ई-रिक्शा चालक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका। बैग में जरूरी सामान और दस्तावेज होने के कारण महिला काफी परेशान थीं।
इसके बाद नौ नवंबर को आवेदिका ने थाना कैंट पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए प्रार्थना पत्र दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और संबंधित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज तथा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) की मदद से ई-रिक्शा की पहचान की। इसके बाद उसके चालक से संपर्क स्थापित कर ट्रॉली बैग मंगवाया गया।
पुलिस के सामने बैग खोलकर उसमें मौजूद सामान का मिलान कराया गया तो कपड़े, ज्वेलरी और आवश्यक कागजात समेत पूरा सामान सुरक्षित मिला। इसके बाद ट्रॉली बैग आवेदिका को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
तीन दिनों से परेशान महिला को जब अपना पूरा सामान वापस मिला तो उनके चेहरे पर राहत दिखाई दी। उन्होंने गोरखपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
Location : Gorakhpur
Published : 10 November 2026, 6:39 AM IST