हिंदी
प्यार और शादी का वादा पड़ा भारी
Gorakhpur: जिले में नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पिपराइच पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान डबलू निषाद पुत्र स्वर्गीय दधूबल निषाद निवासी ग्राम जंगल डुमरी नंबर-1, टोला फहिलाव, थाना गुलरिहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पिपराइच थाने में दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग से जुड़े इस मामले में थाना पिपराइच पर मु0अ0सं0 615/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 352 और 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी चौरी-चौरा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पिपराइच अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डबलू निषाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनूप सिंह के साथ उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार श्रीनेत, कांस्टेबल बृजेश चौबै और कांस्टेबल हनुमान यादव शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 3 November 2026, 11:29 PM IST