हिंदी
बेलघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Gorakhpur: बेलघाट पुलिस ने छिनैती और चोरी के मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली धातु की नाक की एक कील और 2750 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मीनरायण उर्फ छोटू उर्फ बत्तन पुत्र नंदलाल निवासी नरगड़ा जंगा सिंह, थाना बेलघाट, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोरखपुर समेत संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर और मथुरा जनपदों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बेलघाट के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छिनैती की नाक की कील और चोरी के 2750 रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को एक महिला सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनकी नाक की कील झपटकर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर बेलघाट थाने में मुकदमा संख्या 278/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) में मामला दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना 24 सितंबर 2026 की रात की है। इस दौरान अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इस मामले में बेलघाट थाने में मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत धारा 305(1) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर बरामदगी की कार्रवाई की है।
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बेलघाट थाने में वर्ष 2026 के तीन मामलों सहित वर्ष 2025 में संतकबीरनगर के धनघटा और मथुरा के शेरगढ़ थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर थाने में चोरी और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2025 का गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक विनय कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल गरीब राम और कांस्टेबल साहबलाल शामिल रहे। पुलिस आरोपी से संबंधित मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 October 2026, 10:17 PM IST