हिंदी
15 पुरुषों और 18 महिलाओं समेत 33 गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। जिला मुख्यालय पर सदर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में स्थित एक बंद पड़े रेस्टोरेंट में छापेमारी कर पुलिस ने 15 पुरुषों और 18 महिलाओं समेत कुल 33 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस रेस्टोरेंट को शराब जमा करने और उसे बिहार भेजने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस की छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट से देशी और अंग्रेजी शराब की कुल 520.7 लीटर खेप बरामद हुई। इसमें 2,234 बोतलें, टेट्रा पैक और शराब के पाउच शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्थानीय शराब ठेके से शराब लाकर बंद पड़े रेस्टोरेंट में जमा की जाती थी। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से शराब को बिहार पहुंचाने की तैयारी होती थी।
ये भी पढ़े: दुकान चूड़ा-लाई की, छत पर सवा 5 क्विंटल बारूद: दिवाली से पहले चंदौली में अवैध पटाखा जखीरे का भंडाफोड़
शराब की बोतलों को तस्करी के लिए छिपाने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बोतलों को अखबार में लपेटकर पिट्ठू बैग, महिलाओं के हैंड पर्स और कपड़ों के थैलों में रखा जाता था। कुछ महिला तस्कर शराब की बोतलों को कपड़ों की आस्तीन और शरीर से चिपकाकर बिहार ले जाने की तैयारी में थीं, ताकि जांच के दौरान उन पर आसानी से शक न हो।
अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश (Img: Dynamite News)
पुलिस के अनुसार, तस्करी में शामिल लोग सवारी ट्रेनों, बसों, टेम्पो और दोपहिया वाहनों के जरिए शराब बिहार पहुंचाने की योजना बना रहे थे। वहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का प्लान था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 37,690 रुपये नकद, एक टेम्पो और तीन दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
ये भी पढ़े: चंदौली में संदिग्ध परिस्थितियों में अधिवक्ता का शव बरामद, वकीलों ने हाई-वे किया जाम
सीओ सदर नामेंद्र कुमार के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई की शुरुआत बाइक सवार कुछ संदिग्धों की चेकिंग से हुई थी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाया और बंद रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। इस दौरान 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और स्थानीय शराब ठेके से शराब की आपूर्ति किस तरह की जा रही थी।
Location : Chandauli
Published : 3 November 2026, 8:37 PM IST
Topics : bihar liquor smuggling Chandauli News Illegal liquor trade Interstate Liquor Smuggling Liquor Smuggling