हिंदी
समीक्षा बैठक (Img : Dynamite News)
Jhansi : झांसी में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने झांसी पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। बैठक में लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराधों, साइबर ठगी और अपराधियों की गिरफ्तारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। ADG ने साफ कर दिया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
दरअसल, मंगलवार को कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ झांसी पहुंचीं। उनके आगमन पर रिजर्व पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में झांसी रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि समेत रेंज के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक
समीक्षा बैठक के दौरान ADG ने अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। लंबित विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लटकाने के बजाय उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण केवल कागजी कार्रवाई और आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पुलिस की कार्रवाई जमीन पर भी दिखाई देनी चाहिए।
महिला और बाल अपराधों को लेकर ADG ने संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को जागरूक करने और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए।
थानों में शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। ADG ने कहा कि शिकायतकर्ताओं को टरकाने के बजाय उनकी बात गंभीरता से सुनी जाए और समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
झांसी कचहरी में अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा! बार एसोसिएशन अध्यक्ष और महामंत्री का फूंका पुतला
आगामी धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए बाजारों और खासकर सर्राफा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पैदल गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अतिक्रमण हटवाकर रास्ते साफ कराने के निर्देश भी दिए गए।
Location : Jhansi
Published : 3 November 2026, 7:39 PM IST