हिंदी
महिलाओं के उत्पाद खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया(img-dynamite news)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में ग्रामीण महिलाओं के हुनर को दिखने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ किया गया। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से तैयार उत्पादों के स्टॉल सजाए। राज्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया और महिलाओं के उत्पाद खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया।
ग्रामीण महिलाओं के हुनर को दिखने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल
(img-dynamite news)
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित मेले में ग्रामीण महिलाओं के हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, खाद्य सामग्री और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इन स्टॉलों पर महिलाओं की रचनात्मकता और स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों की विविधता देखने को मिल रही है। मेले के माध्यम से समूहों की महिलाओं को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और बिक्री करने का अवसर मिल रहा है।
राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने कहा कि- स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाएं अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाकर परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। सरस मेले जैसे आयोजन उनके उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ बाजार उपलब्ध कराने का भी काम करते हैं।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में रामजीलाल सुमन का बड़ा दावा, बोले- 2027 में टूटेंगी जातियां, अखिलेश यादव बनेंगे CM!
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी ने भी मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने महिलाओं से उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, लागत, विपणन और बिक्री के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों की खरीदारी कर समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार डॉ. सुशांत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजकों ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं के हाथों से तैयार उत्पाद खरीदने की अपील की है।
Location : sitapur
Published : 3 November 2026, 7:06 PM IST