झांसी कचहरी में अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा! बार एसोसिएशन अध्यक्ष और महामंत्री का फूंका पुतला

झांसी कचहरी में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री के खिलाफ अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस के सामने माफी मांगने के आरोप लगाते हुए वकीलों ने दोनों पदाधिकारियों का पुतला दहन किया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 November 2026, 7:07 PM IST
google-preferred

Jhansi : कचहरी में अधिवक्ताओं के बीच चल रही नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री के खिलाफ वकीलों ने मोर्चा खोल दिया है। नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में जमकर प्रदर्शन किया और दोनों पदाधिकारियों का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। मामला कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि इस मामले में पुलिस के सामने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री ने माफी मांग ली, जिससे अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है।

दरोगा से मारपीट के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

दरअसल, विगत दिनों झांसी के कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान एक दरोगा के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस कार्रवाई को लेकर वकीलों में पहले से ही नाराजगी बनी हुई थी।

झांसी में मवेशियों की तस्करी का बड़ा खुलासा, पूंछ थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर पकड़ा भैंसों से भरा ट्रक

अध्यक्ष और महामंत्री पर माफी मांगने का आरोप

इस पूरे विवाद के बीच बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का आरोप है कि दोनों पदाधिकारियों ने पुलिस के सामने घुटने टेक दिए और माफी मांग ली। इसी बात को लेकर वकीलों का गुस्सा और बढ़ गया। उनका कहना है कि बार एसोसिएशन के नेतृत्व को अधिवक्ताओं के सम्मान और हितों के लिए मजबूती से खड़ा होना चाहिए था।

कचहरी परिसर में पुतला फूंककर जताया विरोध

अध्यक्ष और महामंत्री के खिलाफ नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों पदाधिकारियों का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि नेतृत्व से जिस तरह की मजबूती और समर्थन की उम्मीद थी, वह इस मामले में दिखाई नहीं दिया। फिलहाल इस घटनाक्रम ने झांसी कचहरी में बार एसोसिएशन के भीतर आपसी मतभेद को सार्वजनिक कर दिया है।

Location :  Jhansi

Published :  3 November 2026, 7:07 PM IST

Advertisement