‘हैप्पी दिवाली! 24 घंटे हो गए, मोदी जी…’ राहुल गांधी ने फिर दी खुली बहस का चैलेंज, मोहन भागवत को जज बनाने की दी सलाह

24 घंटे बीतने के बाद राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी है। इस बार उन्होंने मोहन भागवत को जज बनाने तक का सुझाव दे दिया। अमेरिकी डील, अडानी केस और एपस्टीन का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कई सवाल पूछे हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 3 November 2026, 6:54 PM IST
google-preferred

New Delhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज कर दी है। 24 घंटे बीतने के बाद भी जवाब नहीं मिलने का दावा करते हुए राहुल ने सोशल मीडिया पर नया पोस्ट साझा किया और पीएम मोदी से आमने-सामने बैठकर चर्चा करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी डील, अडानी मामले और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए हैं।

24 घंटे बाद फिर राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरा

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है।" उन्होंने प्रधानमंत्री को किसी भी जगह और किसी भी मंच पर बहस करने की चुनौती दी। राहुल का कहना है कि प्रधानमंत्री जिस जगह को चुनेंगे, वह वहां चर्चा के लिए तैयार हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्ष पर देशद्रोही होने के आरोप लगाते हैं। ऐसे में खुली बहस के जरिए यह साफ होना चाहिए कि असल में देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों से किसका किस तरह का संबंध है। उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द बहस के लिए सामने आने की बात कही।

बहस में मोहन भागवत को जज बनाने का सुझाव

राहुल गांधी ने केवल बहस की चुनौती नहीं दी, बल्कि इसका पूरा प्रारूप भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि बहस के दौरान दोनों नेता आमने-सामने बैठेंगे। वहां मीडिया के लोग और देश के युवा भी मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं, राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पसंद का व्यक्ति जज के तौर पर चुन सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री चाहें तो उन्हें भी जज बनाया जा सकता है। राहुल ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री बैठेंगे और दूसरी तरफ वह खुद बैठकर हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा करेंगे।

ये भी पढ़ें- मैनपुरी में रामजीलाल सुमन का बड़ा दावा, बोले- 2027 में टूटेंगी जातियां, अखिलेश यादव बनेंगे CM!

अमेरिकी डील और अडानी केस पर भी उठाए सवाल

राहुल गांधी ने अपनी चुनौती में कई बड़े मुद्दों को शामिल किया है। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई डील को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि यह समझौता कैसे हुआ, इतनी जल्दी क्यों हुआ और इसे केवल प्रधानमंत्री ने ही क्यों किया? उन्होंने यह भी सवाल किया कि इस मामले में कैबिनेट को जानकारी क्यों नहीं दी गई। इसके अलावा राहुल ने अडानी मामले और एपस्टीन से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा करने की बात कही। उनका कहना है कि बहस केवल राजनीतिक आरोपों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि देश की वित्तीय व्यवस्था और बड़े अंतरराष्ट्रीय मामलों पर भी खुलकर बातचीत होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- वाराणसी में अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा बोले-सपा सरकार बनी तो शहर में दौड़ेगी मेट्रो,

अपने खिलाफ 45 मानहानि केस का भी किया जिक्र

राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके ऊपर करीब 45 मानहानि के मामले चल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दूसरे मुद्दों पर तो उनके खिलाफ मानहानि के केस किए गए हैं, लेकिन विदेशी संबंधों और इस बहस के मुद्दे पर ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि अगर उनके आरोपों पर सवाल हैं तो खुली बहस में सब कुछ साफ किया जा सकता है। राहुल ने अपने संदेश के आखिर में प्रधानमंत्री को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।

Location :  New Delhi

Published :  3 November 2026, 6:53 PM IST

Advertisement