हिंदी
सुलतानपुर में खनन माफियाओं का खेल बेनकाब (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: सुलतानपुर में अवैध मिट्टी खनन के खेल ने अब पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कई दिनों से गांव में कथित तौर पर अवैध खनन चल रहा था, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जब राजस्व विभाग की टीम खनन रोकने पहुंची तो उस पर हमला कर दिया गया। इस हमले में नायब तहसीलदार और दो लेखपाल घायल हो गए। नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर टूटने की बात सामने आई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच कराई।
पूरा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की गोड़वा रामनगर इमलिया चौकी के अंतर्गत आने वाले इमलिया कला गांव का है। बीती 2 नवंबर की रात अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम का उद्देश्य अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करना था, लेकिन वहां मौजूद अवैध खनन में संलिप्त बताए जा रहे लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव और उनके साथ मौजूद दो लेखपालों के साथ मारपीट की। घटना में नायब तहसीलदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद नगर कोतवाली में दो अलग-अलग अभियोग गंभीर धाराओं में दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने स्थानीय पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंप दी। क्षेत्राधिकारी नगर ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित स्थान पर पिछले कई दिनों से मिट्टी खनन का काम संचालित हो रहा था। ऐसे में स्थानीय चौकी प्रभारी और चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्राधिकारी नगर की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कार्रवाई की। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता पाए जाने पर चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक विनोद कुमार पटेल, चौकी प्रभारी गोड़वा रामनगर इमलिया, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कनौजिया और कांस्टेबल आनंद कुमार यादव शामिल हैं।
Location : Sultanpur
Published : 3 November 2026, 6:56 PM IST