हिंदी
शिक्षक संघ द्वारा BSA को ज्ञापन सौंपते हुए (Image Source: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस में शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ ने आवाज उठाई है। संगठन के जिलाध्यक्ष रमेश चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों और शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें लंबे समय से लंबित विभागीय समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से एक जुलाई 2026 को तेज आंधी और अतिवृष्टि के कारण विद्यालय पहुंचने में देरी होने पर रोके गए शिक्षकों के वेतन को बहाल करने की मांग की गई। संगठन ने इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।
इसके अलावा स्वीकृत चिकित्सा और अन्य अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों को निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित दर्शाकर रोके गए वेतन का भुगतान कराने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने कहा कि ऐसे मामलों का निस्तारण कर शिक्षकों को राहत दी जानी चाहिए।
शिक्षक संघ ने शिक्षकों की ऑनलाइन सेवा पुस्तिकाओं में सामान्य और वित्तीय संबंधी अधूरी प्रविष्टियों को तत्काल पूरा कराने की मांग की। इसके साथ ही शिक्षकों को नियमित रूप से GPF की वार्षिक लेखा पर्ची उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
मैनपुरी में रामजीलाल सुमन का बड़ा दावा, बोले- 2027 में टूटेंगी जातियां, अखिलेश यादव बनेंगे CM!
ज्ञापन में खंड शिक्षा अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में संबद्ध शिक्षकों का संबद्धीकरण समाप्त करने की मांग भी शामिल रही। संगठन ने ऐसे शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में भेजने की बात कही।
इसके अलावा कार्यालयों में अनधिकृत व्यक्तियों के हस्तक्षेप पर रोक लगाने और शिक्षकों की व्यक्तिगत एवं गोपनीय सेवा पत्रावलियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि इन विभागीय व्यवस्थाओं में सुधार से शिक्षकों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शिक्षकों की जिम्मेदारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों को भी शिक्षक हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।
Crime News: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का बड़ा खुलासा, 10 बोरी अखरोट के साथ महिला गिरफ्तार
इस दौरान प्रांतीय संयुक्त मंत्री संजीव सेंगर, जिला महामंत्री भूपेंद्र कुमार सैगर, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुंतल, जिला महिला उपाध्यक्ष विमलेश अग्रवाल, मुरसान ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, ब्लॉक कोषाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, हाथरस से उमेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, शिव कुमार, नरेंद्र सिंह और राकेश कुमार निमोदिया मौजूद रहे।
इसके अलावा सादाबाद ब्लॉक कोषाध्यक्ष सिद्धांत सिंह सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे। संगठन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से ज्ञापन में शामिल सभी पांच सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने की अपेक्षा जताई।
Location : Hathras
Published : 3 November 2026, 7:05 PM IST