हिंदी
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े परिवारों को सरकार का तोहफा (Image Source: Dynamite News)
Hamirpur: हमीरपुर में दीपावली के त्योहार पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े परिवारों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। जिले के 1 लाख 60 हजार 867 उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में गैस रिफिल सब्सिडी के रूप में 10 करोड़ 36 लाख 46 हजार 608 रुपये भेजे गए हैं। यह धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई है।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल कराने में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से सब्सिडी वितरण किया। इस दौरान प्रदेश के 1 करोड़ 89 लाख से अधिक पात्र परिवारों को कुल 1500 करोड़ रुपये की गैस रिफिल सब्सिडी वितरित की गई।
विधायक डॉ. मनोज प्रजापति लाभार्थियों को सिलेंडर और डेमो चेक देते हुए (Image Source: Dynamite News)
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के क्रम में हमीरपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर और डेमो चेक वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। जिले के 1,60,867 परिवारों के खातों में भेजी गई सब्सिडी से लाभार्थियों को गैस रिफिल कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला लाभार्थियों ने भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अशोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों तक सब्सिडी का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जिले में गैस की आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से योजना के लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुंचाने और गैस वितरण व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला लाभार्थियों ने भी भाग लिया।
Location : Hamirpur
Published : 3 November 2026, 7:12 PM IST