अखिलेश यादव ने किया बड़ा ऐलान! 2027 में खुद नहीं लड़ेंगे चुनाव, बोले- शुभ-अशुभ मानता हूं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि वह 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वाराणसी में उन्होंने कहा कि वह सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। अखिलेश यादव ने अपने फैसले के पीछे शुभ-अशुभ की मान्यता और वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री बनने के अपने राजनीतिक अनुभव का भी जिक्र किया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 3 November 2026, 9:48 PM IST
google-preferred

Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वह 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे। मंगलवार को वाराणसी दौरे पर जब उनसे काशी की किसी सीट से चुनाव लड़ने के बारे में पूछा, इस पर उन्होंने कहा कि वह सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि वह शुभ-अशुभ को मानते हैं और वही करेंगे, जो उनके लिए शुभ रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार वह खुद चुनाव लड़ने के बजाय पार्टी के दूसरे नेताओं को चुनाव लड़वाएंगे। उनके बयान से साफ है कि वह विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के तौर पर मैदान में नहीं उतरेंगे।

2012 में लोकसभा सांसद रहते बने थे मुख्यमंत्री

अखिलेश यादव ने वर्ष 2012 का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय वह लोकसभा सांसद थे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने कहा कि इस बार भी लोकसभा से आकर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वर्ष 2012 में वह कन्नौज से सांसद थे और यूपी विधानमंडल के किसी सदन के सदस्य नहीं थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने पिछली बार के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया।

UP Assembly Election: भाजपा के गढ़ में सपा की सेंध, MLC चुनाव नतीजों ने बदले 2027 के चुनावी समीकरण

उनके मुताबिक, वह चुनाव जीते थे, लेकिन समाजवादी पार्टी 202 विधायकों का आंकड़ा हासिल नहीं कर सकी थी। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने इस बार खुद चुनाव लड़ने के बजाय दूसरे नेताओं को चुनाव लड़वाने का फैसला किया है।

वाराणसी में MLC चुनाव के नतीजों पर भी बोले अखिलेश

अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे थे। वह सपा पदाधिकारी राजेश यादव के निधन पर श्रद्धांजलि देने और बीमार चल रहे पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी का हालचाल लेने गए थे। हवाई अड्डे पर उन्होंने विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर कहा कि वाराणसी की दोनों सीटों पर सपा प्रत्याशियों की जीत बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद है। उन्होंने आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव की जीत का उल्लेख किया।

UP Assembly Election 2027: अखिलेश से दोस्ती, राहुल गांधी पर निशाना! किरेन रिजिजू के बयान से सियासी घमासान

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को अपनी जीत का अहंकार नहीं है। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तेज रफ्तार और दोगुने विकास की बात करने वाली भाजपा को चुनाव में दोहरी हार मिली है। अखिलेश यादव ने इसे "डबल इंजन, डबल जीरो और डबल हार" बताया। उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के साथ हुए व्यवहार को लोग भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के जाने पर ही बनारस मुस्कुराएगा। अखिलेश यादव ने वादा किया कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  3 November 2026, 9:42 PM IST

Advertisement