आखिर चलते डीसीएम में कैसे लगी आग? सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर मचा हड़कंप, जलकर राख हुआ पूरा सामान!

सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर कैलाशपुर के पास सोमवार शाम फर्नीचर से भरे डीसीएम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया लेकिन डीसीएम और लाखों रुपये का फर्नीचर जलकर राख हो गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 November 2026, 8:55 PM IST
google-preferred

सहारनपुर: सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर कैलाशपुर के पास सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई। फर्नीचर से भरे एक डीसीएम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। चालक ने समय रहते डीसीएम को सड़क किनारे रोककर बाहर कूदते हुए अपनी जान बचाई। हाईवे पर डीसीएम में लगी भीषण आग देखकर आसपास के लोग भी सहम गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

बाइक सवारों ने चालक को दी आग लगने की सूचना

जानकारी के अनुसार, डीसीएम चालक को पीछे से गुजर रहे बाइक सवारों ने गाड़ी में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद चालक ने तत्काल वाहन रोककर देखा तो आग तेजी से फैल चुकी थी। चालक ने बिना देर किए गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

fire

कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू (Img : Dynamite News)

दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डीसीएम और उसमें लदा पूरा फर्नीचर जलकर राख हो चुका था।

देहरादून पहुंचाया जाना था फर्नीचर

डीसीएम मालिक आसिफ मलिक ने बताया कि वह बिजनौर जिले के मोहल्ला शेख सराय का रहने वाला है। उसने सहारनपुर के खाताखेड़ी से डीसीएम में फर्नीचर लोड कराया था, जिसे उत्तराखंड के देहरादून स्थित रामनगर की क्रीट माउंट कॉलोनी में वीरेंद्र नामक व्यक्ति के यहां पहुंचाना था। कैलाशपुर के पास अचानक वाहन में आग लग गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया। डीसीएम और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

Location :  Saharanpur

Published :  9 November 2026, 8:52 PM IST

Advertisement