हिंदी
गोरखपुर में सड़क पर उतरे सैकड़ों ग्रामीण
Gorakhpur: जिले के गोला उपनगर के चंद चौराहे के पास रामजानकी मार्ग पर निर्माण कार्य में लगी लेवलर मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए 45 वर्षीय छांगुर सोनकर की सोमवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई।
उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीण सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गोला के चंद चौराहे पर शव रखकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम की सूचना मिलते ही गोला कोतवाल सीपी पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद एसडीएम गोला मनीष कुमार, सीओ दरवेश कुमार और नायब तहसीलदार जयप्रकाश मौके पर पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़हलगंज, उरुवा, गगहा समेत आसपास के थानों से भी भारी पुलिस बल बुलाया गया। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
गोरखपुर में मौत के बाद सड़क पर संग्राम
परिजन मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े थे। एसडीएम मनीष कुमार ने शासन की ओर से मिलने वाली सहायता दिलाने, रोजगार के लिए प्रयास करने, मशीन के संबंध में मुकदमे की कार्रवाई तथा संबंधित कंपनी से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।अफसरों के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव को चौराहे से हटाया और अंतिम संस्कार के लिए घर लेकर चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला उपनगर के खटिकना मोहल्ला निवासी छांगुर सोनकर पुत्र स्वर्गीय हरिलाल गुरुवार देर रात अपने एक मित्र के साथ टहल रहे थे। इसी दौरान चंद चौराहे से करीब 100 मीटर पश्चिम उरुवा रोड की तरफ फल मंडी के पास रामजानकी मार्ग निर्माण कार्य में लगी भारद्वाज यूनिबिल्ड कंपनी की कैटरपिलर लेवलर मशीन की चपेट में आ गए।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें गोला के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले बड़हलगंज और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद निर्माण कार्य में लगी भारी मशीनों के संचालन और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थलों पर पर्याप्त संकेतक, सुरक्षा घेरा और सावधानी के इंतजाम जरूरी हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस के अनुसार हादसे के संबंध में दुर्घटना का मुकदमा पहले ही पंजीकृत किया जा चुका है। लगभग ढेढ घण्टे बाद जाम से निजात मिला ।
Location : Gorakhpur
Published : 10 November 2026, 12:08 AM IST