हिंदी
पिता पर हमले का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
Gorakhpur: खजनी थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को खजनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त विजय बेलदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी से मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है।
पुलिस के अनुसार, बीते सात नवंबर 2026 को अभियुक्त विजय बेलदार ने वादी मुकदमा के पिता को जान से मारने की नीयत से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से खजनी थाने में तहरीर दी गई थी।
फरार आरोपी खजनी पुलिस ने ऐसे दबोचा
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 364/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 109 में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक खजनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक सुमित कुमार राय ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर मुकदमे में वांछित विजय बेलदार पुत्र मुनीब को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त विजय बेलदार खजनी थाना क्षेत्र के कस्बा संग्रामपुर, उनवल वार्ड नंबर दो का निवासी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुमित कुमार राय और कांस्टेबल उत्तम पटेल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 11 November 2026, 11:30 PM IST