Taj Mahal Security Breach: ताजमहल के एंटी-ड्रोन वाच टावर तक पहुंचे विदेशी पर्यटक, सुरक्षा में लापरवाही की जांच शुरू

आगरा के ताजमहल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह एक विदेशी युगल स्मारक के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित वाच टावर नंबर चार तक पहुंच गया। इस टावर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगा है। घटना का 13 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। एएसआई ने रिपोर्ट मांगी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 11 November 2026, 7:36 PM IST
google-preferred

Agra: ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में बुधवार को बड़ी चूक सामने आई। एक विदेशी युगल स्मारक के उत्तर-पश्चिमी दिशा में स्थित वाच टावर नंबर चार तक पहुंच गया। इस टावर पर ताजमहल की सुरक्षा के लिए पुलिस का एंटी-ड्रोन सिस्टम लगा हुआ है। यहां सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी रहती है। घटना सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताज सुरक्षा पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।

जानकारी के मुताबिक, विदेशी युगल बुधवार सुबह सीढ़ियां चढ़कर वाच टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। दोनों वहां चहलकदमी करते हुए बुर्जी की तरफ जा रहे थे। इस दौरान वहां तैनात कर्मचारी की नजर उन पर पड़ी और उसने उन्हें वापस लौटाया। इसके बाद विदेशी युगल नीचे आ गया। पर्यटकों के वाच टावर पर घूमने का 13 सेकेंड का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

रेड और यलो जोन में इस तरह होती है सुरक्षा व्यवस्था

ताजमहल की सुरक्षा दो हिस्सों में बांटी गई है। रेड जोन यानी स्मारक परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पास है। वहीं, यलो जोन यानी स्मारक की 500 मीटर की परिधि में पुलिस और पीएसी सुरक्षा व्यवस्था संभालती हैं।

ये भी पढ़े: ताजमहल पर बढ़ेगी सुरक्षा की तीसरी आंख, 90 हाईटेक कैमरे बताएंगे आसपास की हर हलचल; 2.10 करोड़ होंगे खर्च

वाच टावर नंबर चार ताजमहल की पश्चिमी दिशा में स्थित शाही मस्जिद की उत्तर-पश्चिमी दिशा में है। इसे बुर्जी भी कहा जाता है। इस पर ताज सुरक्षा पुलिस का एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाया गया है। यहां तक पहुंचने का रास्ता चमेली फर्श से होकर जाता है। चमेली फर्श से सीढ़ियां ऊपर की ओर जाती हैं, जिनसे होकर विदेशी युगल टावर तक पहुंचा।

ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक (Img: IANS)

वाच टावर पर सीआईएसएफ के साथ पुलिस के जवानों की भी तैनाती रहती है। सुरक्षाकर्मी ऊपर जाते समय अंदर से दरवाजे की कुंडी लगा लेते हैं। ऐसे में विदेशी पर्यटकों का वहां तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था में चूक की ओर इशारा करता है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर पर्यटक पहुंचे, वहां एंटी-ड्रोन सिस्टम लगा हुआ है और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी रहती है।

ये भी पढ़े: आगरा में सपा का ASI कार्यालय पर प्रदर्शन, ताजमहल को लेकर उठाई ये मांग; गेट नहीं खोला तो सड़क पर बैठे

दरवाजे की कुंडी और शिफ्ट बदलने के दौरान चूक की आशंका

विदेशी युगल वाच टावर तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर दरवाजे की कुंडी और सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी बदलने के समय को लेकर आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों से दरवाजे की कुंडी लगाने में भूल हुई होगी या फिर शिफ्ट चेंज होने के दौरान विदेशी युगल को ऊपर जाने का मौका मिल गया। हालांकि, यह अभी संभावित वजहें हैं। घटना को लेकर जांच और रिपोर्ट की प्रक्रिया जारी है।

अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि सुरक्षा में हुई लापरवाही को लेकर ताज सुरक्षा पुलिस को पत्र भेजा गया है। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की शिफ्ट बदलते समय सावधानी बरतने को कहा है। एएसआई ने ताज सुरक्षा पुलिस से रिपोर्ट भी मांगी है। इस घटना ने ताजमहल जैसे महत्वपूर्ण स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। अब यह पता लगाया जाना है कि विदेशी युगल वाच टावर तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों से चूक किस स्तर पर हुई।

Location :  Agra

Published :  11 November 2026, 7:36 PM IST

Advertisement