हिंदी
खजनी थाना
Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस गली स्थित एक निजी क्लिनिक के चिकित्सक पर युवती ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर खजनी पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, चिकित्सक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पेट में दर्द होने पर वह इलाज कराने चिकित्सक के पास गई थी। इसी दौरान कथित चिकित्सक ने उसके साथ अश्लील हरकत की और उसका शोषण करने का प्रयास किया। युवती ने मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर, पोस्ट ऑफिस गली में एसपीडी हॉस्पिटल के नाम से क्लिनिक संचालित करने वाले चिकित्सक सत्य प्रकाश सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि युवती पिछले करीब दो महीने से उनके यहां काम कर रही है। जिस मकान में उनका क्लिनिक संचालित होता है, उसी परिसर में मकान मालिक का परिवार भी रहता है। इसके अलावा क्लिनिक के बाहर व्यस्त गली है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में उनके अनुसार इस तरह की घटना का आरोप बेबुनियाद है।
चिकित्सक का दावा है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवती को काम पर रखने के करीब दो महीने बाद अचानक इस तरह का आरोप लगाया गया है। आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। एक स्थानीय महिला का कहना है कि वह बगल में ही रहती हैं, यदि ऐसी कोई घटना होती तो उन्हें जरूर जानकारी होती। हालांकि, आसपास के लोगों की प्रतिक्रिया और चिकित्सक का पक्ष अपने आप में आरोपों की सत्यता का प्रमाण नहीं हैं। मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में खजनी थाना प्रभारी निरीक्षक जयंत सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 11 November 2026, 3:40 PM IST
Topics : Doctor Gorakhpur molestation SPD Clinic UP News