गोरखपुर में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, ईंट से हमला कर युवक को किया घायल, जिला अस्पताल रेफर

गोरखपुर में जुगाड़ ठेले की खड़ी बाइक से टक्कर लगने के बाद शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ठेला चालक ने फोन करके अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे आधा दर्जन लोगों ने बाइक चालक को घेरकर ईंटों से हमला कर दिया।

Gorakhpur: गीडा थाना क्षेत्र के सेक्टर-22 में मंगलवार को मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जुगाड़ ठेले की खड़ी बाइक में टक्कर लगने के बाद शुरू हुई कहासुनी में ठेला चालक ने कथित तौर पर फोन कर अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे आधा दर्जन लोगों ने बाइक चालक को घेरकर ईंट से हमला कर दिया।

घायल जिला अस्पताल रेफर

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, डीहवा बोकटा निवासी कृष्णा साहनी (36) पुत्र सीताराम साहनी मंगलवार करीब 11:30 बजे गीडा गेट के पास एक चाय की दुकान के सामने अपनी बाइक खड़ी कर चाय पी रहे थे। इसी दौरान कालेसर निवासी भगवानदास सरिया लदा जुगाड़ ठेला लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि ठेले से कृष्णा की खड़ी बाइक में टक्कर लग गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। बताया जाता है कि स्थानीय लोगों की पहल पर ठेला चालक से 200 रुपये दिलवाकर विवाद समाप्त करा दिया गया। उस समय मामला शांत होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन कुछ देर बाद विवाद ने अप्रत्याशित रूप से गंभीर रूप ले लिया।

पांच राज्यों में फैला अपराध का नेटवर्क! गोरखपुर के पंकज उर्फ रौनक पर पुलिस का शिकंजा

ठेला चालक ने अपने परिजनों को बुलाया

आरोप है कि ठेला चालक ने फोन कर अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में आधा दर्जन लोग वहां पहुंच गए और कृष्णा साहनी पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहजनवां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

गोरखपुर में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला, युवक और युवती गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई

इस संबंध में चौकी इंचार्ज अमरेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल की बहन साधना की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 November 2026, 12:23 AM IST

Advertisement