हिंदी
पंडित रामलखन शुक्ल को भी श्रद्धापूर्वक नमन (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोला क्षेत्र के ककरही स्थित आनन्द विद्यापीठ इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें जीवन में अनुशासन, नैतिकता और अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया गया।
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह एवं प्रबंधक रवि प्रताप राय के नेतृत्व में आयोजित समारोह का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने चाचा नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान विद्यालय के पूर्व शिक्षक एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केशभान राय तथा पंडित रामलखन शुक्ल को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने उनके संघर्ष, त्याग और देश की आजादी में दिए गए योगदान को याद किया। कहा गया कि इन महान विभूतियों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी विरासत आज भी आनन्द विद्यापीठ के रूप में जीवंत है। विद्यालय परिसर के बाहर स्थापित उनकी विशाल प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और बलिदान की याद दिलाने के साथ ही देशप्रेम एवं समाजसेवा की प्रेरणा देती हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि बच्चे मन के सच्चे होते हैं। बाल दिवस बच्चों की प्रतिभा, उनके सपनों और भविष्य को संवारने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने की सीख देते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, उन्हें अपना मनोबल कभी कमजोर नहीं होने देना चाहिए। विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
Gorakhpur: अचानक लापता हुई 19 साल की युवती, भाई ने युवक पर लगाया बड़ा आरोप
उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने जीवन का उद्देश्य निर्धारित कर श्रेष्ठ कार्य करने तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षक अनिल राय, अजय शुक्ल, सतांशु राय, विजय कुमार पाण्डेय, शैलेश तिवारी, रजनीश सिंह, अनिल यादव, बृज मोहन मौर्य, दीपक सिंह, अमित पासवान, रामकृपाल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। समारोह में बच्चों के प्रति सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का संदेश प्रमुखता से उभरा।
Location : Gorakhpur
Published : 14 November 2026, 1:40 PM IST