हिंदी
नईम अहमद को सौंपी अध्यक्ष की कमान(img: Dynamite news)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली के बहेड़ी राइस मिल एसोसिएशन के इंतखाबात का आज आयोजन किया गया। इस मौके पर कारोबारियों और एसोसिएशन के सदस्यों ने आपसी इत्तेफाक और बाहमी भरोसे का मुजाहिरा करते हुए भाजपा नेता नईम अहमद को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का नया सदर चुन लिया। इस आयोजन खास बात यह रही कि सदर समेत तमाम ओहदों पर उम्मीदवार बिना किसी मुकाबले के निर्वाचित हुए। नई कार्यकारिणी के ऐलान के बाद कारोबारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से इस्तकबाल किया और मुबारकबाद पेश की।
इंतखाबात के दौरान मोहम्मद खालिद को नायब सदर, इंतखाब अहमद को जनरल सेक्रेटरी, मोहम्मद यासीन पप्पू को सेक्रेटरी, अलीम अहमद को खजांची और नदीम अहमद को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं जलीस अहमद डायमंड और हाजी अब्दुल खालिद को एसोसिएशन का संरक्षक बनाया गया। पूरी कार्यकारिणी का निर्विरोध चुना जाना कारोबारियों के बीच आपसी राब्ते और संगठन की मजबूती का पैगाम देता नजर आया। इंतखाबात की कार्रवाई अलीम पप्पू की निगरानी में मुकम्मल हुई।
ये भी पढ़ें: चाय लेकर पहुंची मां तो उड़ गए होश, बदायूं में घर में नानी-नाती की लाश मिलने से उठे की सवाल
नवनिर्वाचित सदर नईम अहमद ने सभी कारोबारियों और सदस्यों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्हें जो अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी, लगन और खिदमत के जज्बे के साथ निभाएंगे। राइस मिल कारोबारियों को दरपेश मसाइल को जिम्मेदार अफसरों और संबंधित महकमों के सामने मजबूती से उठाना उनकी पहली तर्जीह होगी। उन्होंने कहा कि तमाम सदस्यों को साथ लेकर एसोसिएशन को और ज्यादा मजबूत बनाया जाएगा तथा कारोबारियों के हक और मफाद के लिए मिल-जुलकर काम किया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने नई कार्यकारिणी को मुबारकबाद देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध चुना जाना आपसी एकता, भरोसे और बेहतर तालमेल की मिसाल है। कारोबारियों की ताकत उनकी आपसी एकजुटता में है। उन्हें उम्मीद है कि नई टीम राइस मिल कारोबारियों के मसाइल को समझते हुए उनके हक में बेहतर काम करेगी और इलाके की तिजारत को आगे बढ़ाने में अहम किरदार अदा करेगी।
कार्यक्रम में रिछा राइस मिल एसोसिएशन के सदर मोहम्मद आरिफ, व्यापार मंडल अध्यक्ष सलीम रहवर, अजीम डायमंड, ताहिर पप्पू, मोहम्मद हसन, दिनकर गुप्ता समेत बड़ी तादाद में कारोबारी और शहर की कई मुअज्जिज शख्सियतें मौजूद रहीं। तमाम लोगों ने नई कार्यकारिणी के बेहतर मुस्तकबिल की दुआ करते हुए अपनी नेक ख्वाहिशात पेश कीं।
Location : bareilly
Published : 14 November 2026, 1:06 PM IST