हिंदी
सीएमओ कार्यालय पर जुटे फार्मासिस्ट (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत डिप्लोमा फार्मासिस्टों का सब्र अब जवाब देने लगा है। लंबे समय से लंबित मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना देकर शासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। 18 सूत्रीय मांगों को लेकर हुए इस प्रदर्शन में फार्मासिस्टों ने साफ संकेत दिया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज हो सकता है।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा मुजफ्फरनगर के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय धरने में फार्मासिस्ट संवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदेशव्यापी निर्णय के तहत हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
धरने में फार्मासिस्टों ने कहा कि प्रदेश में काम कर रहे कर्मचारियों को उनके वर्तमान पद, शैक्षिक योग्यता और कार्यदायित्वों के अनुरूप वेतनमान और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। संगठन का आरोप है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
शासन के खिलाफ जताई नाराजगी (Source: Dynamite News)
प्रदर्शन के दौरान फार्मासिस्टों ने 18 सूत्रीय मांगपत्र की प्रमुख मांगों को सामने रखा। इसमें पदनाम परिवर्तन, औषधियों का नुस्खा लिखने का अधिकार देने और फार्मासिस्ट पदों के सृजन से जुड़े मानकों में संशोधन की मांग शामिल रही।
कर्मचारियों का कहना था कि उनकी जिम्मेदारियों और काम के स्वरूप को देखते हुए वेतनमान और सुविधाओं में सुधार किया जाना जरूरी है। संगठन ने मांगों के समाधान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की।
33 ठिकाने, 6 राज्य और करोड़ों के सट्टे का हवाला नेटवर्क; महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई
धरना समाप्त होने के बाद डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जिला शाखा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित मांगपत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से भेजा गया। इसमें प्रदेश स्तर पर लंबित 18 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर शासनादेश जारी कराने की मांग की गई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो भविष्य में होने वाले आंदोलन की जिम्मेदारी शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय की होगी।
धरने में जिला मंत्री मनोज त्यागी समेत ललित मोहन, मोहम्मद हारुन, विशाल भारद्वाज, मनोज वर्मा, करुणा सैनी, जसवीर कौर, आदेश शास्त्री, अमित त्यागी, सुदीप त्यागी, मोबिन अली, अशोक पाल, संजीव मलिक और यतेंद्र गिरी सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 14 November 2026, 10:33 AM IST