छठ पर हेलीकॉप्टर से करें पटना के घाटों के दर्शन, पर्यटन विभाग ने शुरू की खास राइड

छठ महापर्व पर पटना के गंगा घाटों और शहर की खूबसूरती अब आसमान से देखने का मौका मिलेगा। बिहार पर्यटन विभाग ने 10 से 16 नवंबर तक 2100 रुपये प्रति व्यक्ति के किराये पर विशेष हेलीकॉप्टर राइड शुरू की है। ऑनलाइन बुकिंग बिहार पर्यटन पोर्टल पर की जा सकती है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 November 2026, 12:56 PM IST
google-preferred

पटना: गंगा के घाटों पर छठ की रौनक, दीपों से जगमगाते तट और चारों ओर गूंजते छठ गीतों का नजारा अब आसमान से भी देखा जा सकेगा। बिहार पर्यटन विभाग ने छठ महापर्व के अवसर पर पटना में विशेष हेलीकॉप्टर राइड की सुविधा शुरू की है। इसके तहत पर्यटक और श्रद्धालु महज 2100 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च कर हेलीकॉप्टर से शहर और गंगा घाटों का हवाई दीदार कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ड्रीम प्रोजेक्ट हेलीकॉप्टर जॉय राइड का दायरा बढ़ाते हुए यह विशेष सुविधा शुरू की गई है। पर्यटन विभाग के मुताबिक, छठ के अवसर पर हेलीकॉप्टर राइड 10 से 16 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक उड़ान संचालित की जाएगी।

रोजाना छह स्लॉट में मिलेगी राइड की सुविधा

पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिदिन छह स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान हेलीकॉप्टर से गंगा के विस्तृत प्रवाह, नदी किनारे बसे पटना शहर और छठ के लिए सजाए गए घाटों का नजारा देखा जा सकेगा।

छठ के दौरान पटना के घाटों पर आकर्षक सजावट और रोशनी के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। घाटों पर छठ गीतों और धार्मिक गतिविधियों से माहौल उत्सवमय रहता है। ऐसे में हेलीकॉप्टर राइड के जरिए लोग इस पूरे नजारे को एक अलग नजरिए से देख सकेंगे।

19 नवंबर से नियमित राइड का भी होगा विस्तार

पर्यटन विभाग ने विशेष छठ राइड के बाद नियमित हेलीकॉप्टर सेवा का दायरा बढ़ाने की भी योजना बनाई है। 19 नवंबर से शनिवार और रविवार के अलावा प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को भी हेलीकॉप्टर राइड की सुविधा उपलब्ध होगी।

इससे पर्यटकों को सप्ताह में चार दिन हवाई भ्रमण का विकल्प मिलेगा। विभाग की इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को नया अनुभव देने के साथ बिहार में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

ऑनलाइन बुक कर सकते हैं सीट

हेलीकॉप्टर राइड का आनंद लेने के इच्छुक लोग बिहार पर्यटन के आधिकारिक पोर्टल booking.tourism.bihar.gov.in पर ऑनलाइन सीट बुक कर सकते हैं। इसके लिए प्रति व्यक्ति किराया 2100 रुपये निर्धारित किया गया है।

छठ के अवसर पर शुरू की गई यह विशेष सुविधा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पटना के घाटों और गंगा के मनोरम दृश्यों को आसमान से देखने का मौका देगी।

Location :  Patna

Published :  14 November 2026, 12:56 PM IST

Related News

Advertisement