हिंदी
छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज (Img: Dynamite News)
Siddharthnagar: लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर सिद्धार्थनगर के उसका बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है। पर्व की शुरुआत से पहले बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, फल, नए कपड़े और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। वहीं, नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन ने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि व्रतियों को पूजा और अर्घ्य के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
त्यौहार की खरीदारी शुरू होने से उसका बाजार के मुख्य चौराहों और गलियों में काफी चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, दउरा, नए कपड़े, नारियल, मौसमी फल और ठेकुआ बनाने के लिए शुद्ध घी व गुड़ की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुट रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
ये भी पढ़े: सिद्धार्थनगर: रसोई गैस सिलेंडर में बड़ा खेल? वजन कराया तो खुल गई पोल, वीडियो वायरल
चार दिन की सूर्योपासना के लिए तैयार उसका बाजार (Img: Dynamite News)
उधर, व्यवस्थाओं को लेकर नगर पंचायत उसका बाजार की तरफ से कमान संभाल ली गई है। अधिशासी अभियंता (ईओ) अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पंचायत के कर्मचारियों को पूरी तरह मुस्तैद कर दिया गया है। घाटों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि व्रतियों को किसी भी तरह की दिक्कत न आए। इसके साथ ही हर प्रमुख घाट पर रोशनी के लिए लाइट और अन्य जरूरी इंतजाम बड़े स्तर पर किए जा रहे हैं ताकि अर्घ्य के वक्त किसी प्रकार की असुविधा न हो। केवल कस्बा ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ-सफाई को लेकर खास पहल की गई है, जहां स्थानीय स्तर पर पोखरों और घाटों को संवारा जा रहा है।
सुरक्षा के मोर्चे पर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से एक्टिव नजर आ रहा है। थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए हर घाट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस बल पूरी तरह चौकस है ताकि कहीं कोई अव्यवस्था न हो पाए और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न हो सके।
छठ की तैयारी में जुटा उसका बाजार (Img: Dynamite News)
कार्तिक शुक्ल पक्ष में मनाए जाने वाले इस चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत आज यानी 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' के साथ हो रही है, जिसमें व्रती स्नान कर शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगे। इसके बाद 14 नवंबर को 'खरना' होगा, जिसमें पूरे दिन के उपवास के बाद शाम को गुड़ व चावल की खीर का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया जाएगा। पर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा और 16 नवंबर की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा।
Location : Siddharthnagar
Published : 13 November 2026, 3:09 PM IST