Kanpur Murder: HAL कैंपस के पास किसने की युवक की हत्या? खून से सनी ईंट ने बढ़ाया शक

कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के HAL कैंपस के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से खून से सनी ईंट मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत की वजह जानने के लिए जांच जारी है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 13 November 2026, 2:19 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का खून से सना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एचएएल कैंपस के पास टटियन झनाका क्षेत्र में खाली मैदान पर राहगीरों को एक युवक का शव मिला जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी समेत फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खाली जगह पर पड़ा था युवक का शव

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, शुक्रवार सुबह चकेरी थाना क्षेत्र के टटियन में खाली मैदान पर एक युवक का रक्त रंजित शव पड़ा हुआ मिला। आसपास से गुजर रहे लोगों की नजर खाली जगह पर पड़ी तो देख कर दंग रह गए। यहां युवक का शव खून से लथपथ पड़ा था। घटनास्थल के आसपास काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था। लोगों में आशंका है कि ईंट से कूचकर सिर पर वार कर हत्या को अंजाम दिया गया। जिसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। खून से सनी ईंट भी मिलने की बात सामने आई है जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक पर ईंट जैसी किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। वहीं इलाके के लोगों का आरोप है कि यहां क्षेत्र में आए दिन जुआं खेला जाता है। हालांकि पुलिस ने अभी इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं की है।

kanpur

घटनास्थल से मिली ईंट(img: Dynamite news)

सिर और चेहरे पर मिले गंभीर चोट के निशान

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि एचएएल कैंपस की बाउंड्री के पास खाली स्थान पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो युवक के सिर और चेहरे पर चोटों के निशान मिले। हत्या की आशंका लग रही है। फिलहाल मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

10 साल के मासूम का क्या था कसूर? मां की गोद में तोड़ा दम, कौन है देव की मौत का असली जिम्मेदार?

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  13 November 2026, 2:19 PM IST

Advertisement