आजम खां के खिलाफ किसानों की जमीन कब्जाने के मामले में सुनवाई टली, जानें कब होगी सुनवाई

वरिष्ठ नेता आजम खां के खिलाफ किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जा करने के आरोप से जुड़े मामलों में गुरुवार को होने वाली सुनवाई टल गई। दो अधिवक्ताओं के निधन के चलते बार एसोसिएशन ने शोक स्वरूप न्यायिक कार्य नहीं किया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 13 November 2026, 1:54 PM IST
google-preferred

Rampur: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां के खिलाफ किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जा करने के आरोप से जुड़े मामलों में गुरुवार को होने वाली सुनवाई टल गई। दो अधिवक्ताओं के निधन के चलते बार एसोसिएशन ने शोक स्वरूप न्यायिक कार्य नहीं किया। इस कारण एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में सुनवाई नहीं हो सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।

2019 में दर्ज हुए थे 27 मुकदमे

आजम खां के खिलाफ वर्ष 2019 में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें 27 मुकदमे रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र में आलियागंज के किसानों की ओर से दर्ज कराए गए थे। इन मामलों में आजम खां के अलावा उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा, बड़े बेटे अदीब, छोटे बेटे एवं पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम, बहन निखत अखलाक, चमरौआ विधायक नसीर खां समेत कई अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है।

आरोपितों में सेवानिवृत्त सीओ आले हसन खां, तत्कालीन अजीमनगर थाना प्रभारी कुशलवीर सिंह, लेखपाल आनंदवीर सिंह, जकीउर्रहमान सिद्दीकी, मुश्ताक अहमद सिद्दीकी और फसीह जैदी के नाम भी शामिल हैं।

आजम खां की मुश्किलें फिर बढ़ीं! अब शत्रु संपत्ति मामले में भी लटकी जांच की तलवार

जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जमीन कब्जाने का आरोप

आलियागंज के किसानों ने आरोप लगाया था कि आजम खां, आले हसन खां और तत्कालीन थाना प्रभारी कुशलवीर सिंह ने उनकी जमीनें जौहर यूनिवर्सिटी के लिए देने का दबाव बनाया था। आरोप है कि किसानों को जबरन हवालात में बंद रखा गया और चरस व स्मैक के झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।

किसानों का आरोप है कि जमीनों का बैनामा नहीं करने पर उनकी जमीनों पर जबरन कब्जा कर उन्हें जौहर यूनिवर्सिटी में मिला लिया गया था।

सभी 27 मामलों की एक साथ चल रही सुनवाई

इन मामलों की जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किए थे। फिलहाल सभी 27 मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में एक साथ चल रही है।

गुरुवार को बार एसोसिएशन की ओर से शोक के चलते न्यायिक कार्य नहीं होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब अदालत में इन मामलों पर 30 नवंबर को सुनवाई होगी।

Location :  Rampur

Published :  13 November 2026, 1:54 PM IST

Advertisement